भोपाल। दिल्ली में प्रधानमंत्री आवास के बाहर कांग्रेस के प्रदर्शन के विरोध में बुधवार को मध्यप्रदेश भाजपा ने भोपाल में प्रदेश कांग्रेस कार्यालय के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के नेतृत्व में बड़ी संख्या में विधायक और कार्यकर्ता काले वस्त्र पहनकर विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए।
भाजपा कार्यकर्ता रेडक्रॉस चौराहे पर एकत्र हुए और कांग्रेस कार्यालय की ओर मार्च करने लगे। हालांकि पुलिस ने रेडक्रॉस अस्पताल के सामने बैरिकेडिंग कर उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने “लोकतंत्र की हत्यारी कांग्रेस मुर्दाबाद” और “शर्म करो” जैसे नारे लगाए।

प्रदर्शन को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि “अभी तो हम केवल चेतावनी देने आए हैं। यदि कांग्रेस नहीं सुधरी तो आगे और उग्र प्रदर्शन किया जाएगा।”
प्रदर्शन में विधायक रामेश्वर शर्मा, भगवानदास सबनानी सहित कई भाजपा नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी प्रदर्शनकारी काली टी-शर्ट पहनकर पहुंचे थे, जिन पर “देश का अपमान, मेरा काम, राहुल गांधी” लिखा हुआ था।





