महिला मंडल की भव्य शोभायात्रा के साथ झरखेड़ा में श्री शिव महापुराण कथा का शुभारंभ, शिवमय हुआ पूरा गांव

0
9

सावन माह में 3 से 9 अगस्त तक चलेगी सात दिवसीय कथा, बड़ी संख्या में श्रद्धालु हुए शामिल

झरखेड़ा |DRNewsIndia

सावन माह की पावन बेला में सीहोर जिले का ग्राम झरखेड़ा सोमवार से पूरी तरह शिवमय हो गया। ग्राम के पाटीदार मांगलिक भवन में सात दिवसीय श्री शिव महापुराण कथा का शुभारंभ भव्य शोभायात्रा के साथ हुआ। कथा के पहले दिन महिला मंडल के नेतृत्व में निकाली गई विशाल शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पूरा गांव भगवान भोलेनाथ के जयघोष और भजनों से गूंज उठा।

शोभायात्रा बड़े मंदिर से प्रारंभ होकर गांव के प्रमुख मार्गों से होती हुई कथा स्थल पाटीदार मांगलिक भवन पहुंची। शोभायात्रा के दौरान श्रद्धालु शिव भजनों पर झूमते नजर आए। महिलाओं, युवाओं और बच्चों ने भी बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई, जिससे पूरे गांव में भक्ति और उत्साह का माहौल देखने को मिला।

दिवसीय श्री शिव महापुराण कथा का शुभारंभ भव्य शोभायात्रा के साथ हुआ।

आयोजन के तहत प्रतिदिन दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक श्री शिव महापुराण कथा का आयोजन किया जाएगा। कथा का वाचन राष्ट्रीय सनातन धर्म प्रचारिका सुश्री जयंती किशोरी शर्मा द्वारा किया जा रहा है, जबकि कार्यक्रम का सान्निध्य महामंडलेश्वर श्री श्री 1008 श्री केशव दास जी महाराज का प्राप्त हो रहा है।

सात दिनों तक श्रद्धालु भगवान शिव की महिमा, शिव पुराण की दिव्य कथाओं एवं आध्यात्मिक संदेशों का श्रवण कर धर्म लाभ अर्जित करेंगे। आयोजन स्थल को आकर्षक रूप से सजाया गया है तथा बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए पेयजल, बैठक व्यवस्था और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।

यह धार्मिक आयोजन समस्त महिला मंडल एवं ग्राम झरखेड़ा के ग्रामीणों के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है। आयोजकों ने क्षेत्र के श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद प्राप्त करने और श्री शिव महापुराण कथा का श्रवण करने की अपील की है।

सावन के पावन अवसर पर आयोजित यह सात दिवसीय धार्मिक आयोजन पूरे क्षेत्र में आस्था, भक्ति और आध्यात्म का प्रमुख केंद्र बन गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here