drnewsindia.com
खिलचीपुर (राजगढ़)। राजगढ़ जिले के खिलचीपुर में रविवार को एक परिवार की तलाश बेहद दर्दनाक अंत के साथ मातम में बदल गई। शनिवार शाम को घर से सब्जी लेने निकले 40 वर्षीय बिरम वर्मा का शव अगले दिन गाड़गंगा नदी में तैरता हुआ मिला। शव को देखते ही मौके पर मौजूद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया, जिससे वहां खड़े हर शख्स की आंखें नम हो गईं।
नदी में केवल बाल दिखाई दे रहे थे, बहन ने की पहचान
यह हृदयविदारक घटना गाड़गंगा नदी के छोटे पुल के पास की है। रविवार दोपहर करीब 2:00 बजे स्थानीय लोगों ने नदी के पानी में एक शव उतराता हुआ देखा, जिसके केवल बाल पानी के ऊपर दिखाई दे रहे थे। देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई।
सूचना मिलते ही खिलचीपुर थाना प्रभारी (TI) कमल सिंह गहलौत पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। एक स्थानीय युवक की मदद से शव को पानी से बाहर निकाला गया। किनारे खड़ी बिरम की बहन अपने भाई के शव को देखते ही चीख पड़ी— “ये मेरा भाई बिरम है…”। कुछ ही देर में मृतक की पत्नी रेखा बाई भी वहां पहुंच गई और पति का शव देखकर बेसुध हो गई।
सुबह दर्ज हुई थी गुमशुदगी, दोपहर में आ गई मौत की खबर
परिजनों के अनुसार, खिलचीपुर के कालाजी बड़ली क्षेत्र में रहने वाला बिरम वर्मा शनिवार शाम करीब 4:00 बजे बाजार से सब्जी लाने की बात कहकर घर से निकला था। जब वह देर रात तक वापस नहीं लौटा, तो परिवार ने रातभर उसकी हर संभावित जगह तलाश की।
थक-हारकर परिजनों ने रविवार सुबह करीब 11:00 बजे खिलचीपुर थाने में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। लेकिन किसे पता था कि गुमशुदगी दर्ज होने के महज तीन घंटे बाद ही दोपहर 2:00 बजे यह खौफनाक खबर सामने आ जाएगी।

मजदूरी कर पालता था तीन बच्चों का पेट
मृतक बिरम वर्मा पेशे से मजदूर था। वह मजदूरी करके अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। उसके पीछे पत्नी रेखा बाई और तीन मासूम बच्चे— कालू, पुरम और दीपिका हैं। पिता की अचानक मौत से बच्चों के सिर से साया उठ गया है और परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

पुलिस जांच में जुटी
खिलचीपुर थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले को जांच में ले लिया है। बिरम की मौत नदी में डूबने से हुई या इसके पीछे कोई और वजह है, पुलिस हर एंगल से इस घटना की बारीकी से जांच कर रही है।
ताजा और सटीक खबरों के लिए जुड़े रहिए हमारे साथ।





