नरोन्हा प्रशासन अकादमी में राजस्व विषयों पर कार्यशाला आयोजित, उत्कृष्ट कार्य करने वाले तहसीलदार और पटवारी सम्मानित
drnewsindia.com / भोपाल। राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा ने कहा कि तहसीलदार, राजस्व निरीक्षक और पटवारी राजस्व विभाग की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने और ग्रामीणों की समस्याओं के निराकरण में इनकी भूमिका अहम है। वे सोमवार को आरसीवीपी नरोन्हा प्रशासन अकादमी में आयोजित राजस्व संबंधी विषयों की एक दिवसीय कार्यशाला को संबोधित कर रहे थे।
मंत्री वर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मंशा और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश में मुख्यमंत्री रजिस्ट्री योजना का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है। इसके तहत सरकार स्वयं रजिस्ट्री का खर्च उठाकर ग्रामीणों को आवासीय भूखंडों का निःशुल्क मालिकाना हक दे रही है। प्रदेश में अब तक 22 लाख 61 हजार से अधिक स्वामित्व रजिस्ट्रियां पूरी की जा चुकी हैं। इससे ग्रामीणों को बैंक से ऋण लेने और पशुपालन सहित अन्य व्यवसाय शुरू करने में मदद मिल रही है।
उन्होंने कहा कि राजस्व विभाग में पारदर्शिता सरकार की प्राथमिकता है। अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि कार्यालय पहुंचने वाले किसानों और आम नागरिकों के साथ विनम्र व्यवहार करें। ईमानदारी से काम करने वाले कर्मचारियों को शासन की ओर से पूरा संरक्षण और सम्मान दिया जाएगा।
मंत्री ने नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन, त्रुटि सुधार और नक्शा दुरुस्तीकरण से जुड़े मामलों का समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इससे ग्रामीण क्षेत्रों में भूमि संबंधी विवादों को कम करने में मदद मिलेगी। राजस्व कर्मचारियों की पदोन्नति और अन्य जायज मांगों पर भी शासन गंभीरता से विचार कर रहा है।
कार्यशाला के दौरान स्वामित्व योजना और राजस्व कार्यों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले तहसीलदारों और पटवारियों को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया। तकनीकी सत्रों में नामांतरण, बंटवारा, त्रुटि सुधार और स्वामित्व पंजीयन की प्रक्रिया पर विशेषज्ञों ने जानकारी दी।
इस अवसर पर प्रमुख सचिव राजस्व डॉ. ई. रमेश कुमार, महानिरीक्षक पंजीयन आलोक कुमार सिंह, प्रमुख राजस्व आयुक्त एवं आयुक्त भू-अभिलेख निधि निवेदिता सहित वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, तहसीलदार, राजस्व निरीक्षक और पटवारी उपस्थित रहे।




