10 संभागों की चयनित कलाकृतियां प्रदर्शित, विधायक सूर्य प्रकाश मीना ने विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा को सराहा
drnewsindia.com/शमशाबाद। पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय शमशाबाद में मंगलवार, 13 अक्टूबर को सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत राष्ट्रस्तरीय चित्रकला प्रदर्शनी आयोजित की गई। इसका विषय ‘25 वर्षों में किए गए सेवा एवं विकास कार्य और विकसित भारत 2047 की परिकल्पना’ रहा। कार्यक्रम में शमशाबाद विधायक एवं पूर्व मंत्री सूर्य प्रकाश मीना मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
नवोदय विद्यालय समिति के तत्वावधान में आयोजित प्रदर्शनी में चंडीगढ़, भोपाल, लखनऊ, जयपुर, अहमदाबाद, शिलांग, हैदराबाद, पुणे, पटना और भुवनेश्वर संभागों की चयनित तीन-तीन श्रेष्ठ कलाकृतियां प्रदर्शित की गईं। विद्यार्थियों ने चित्रों के माध्यम से देश में हुए विकास कार्यों और वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की परिकल्पना प्रस्तुत की।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। विधायक सूर्य प्रकाश मीना ने कहा कि इस तरह के आयोजन विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा को सामने लाने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने नवोदय विद्यालयों को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए बेहतर मंच बताया।
वन मंडलाधिकारी एवं भारतीय वन सेवा के अधिकारी हेमंत यादव ने कहा कि नवोदय विद्यालय विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। यहां उन्हें अपनी प्रतिभा निखारने के अवसर मिलते हैं।
कला विशेषज्ञों ने किया कलाकृतियों का मूल्यांकन

निर्णायक मंडल में अटल बिहारी हिंदी विश्वविद्यालय भोपाल के कला प्राध्यापक डॉ. अमित सोनी, पीएम श्री स्कूल बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय शमशाबाद के प्राचार्य आशीष सक्सेना और भोपाल के स्वतंत्र चित्रकार संतोष कुमार शामिल रहे।
कार्यक्रम में प्रशिक्षु आईएफएस हेमंत प्रताप सिंह और अनुविभागीय दंडाधिकारी अजय कुमार पाठक सहित अन्य अतिथि उपस्थित रहे। विद्यालय के प्राचार्य जितेंद्र कुमार ने स्वागत उद्बोधन दिया। संचालन स्नातकोत्तर शिक्षक एवं सीसीए मीडिया प्रभारी मनोज कुमार वर्मा ने किया, जबकि उपप्राचार्य मनीष दत्त मिश्रा ने आभार व्यक्त किया।
अंत में अतिथियों को श्रीफल, शॉल और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। आयोजन क्षेत्रीय कार्यालय भोपाल की उपायुक्त विधु बाजपेयी, सहायक आयुक्त अशोक कुमार त्रिपाठी और संकुल प्रभारी के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। इस अवसर पर विद्यालय के विद्यार्थी और कर्मचारी मौजूद रहे।




