सारंगपुर बस स्टैंड पर दर्दनाक हादसा: चाय पीने रुके युवक की अचानक गिरकर मौत, जेब से मिली ECG की पर्ची

0
5

drnewsindia.com/सारंगपुर (राजगढ़)

राजगढ़ जिले के सारंगपुर बस स्टैंड पर गुरुवार को एक 32 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना का एक दिल दहला देने वाला सीसीटीवी (CCTV) फुटेज भी सामने आया है, जिसमें युवक बिल्कुल सामान्य हालत में कुर्सी पर बैठते ही अचानक नीचे गिरता हुआ दिखाई दे रहा है। आशंका जताई जा रही है कि युवक की मौत कार्डिएक अरेस्ट (Cardiac Arrest) के कारण हुई है।

इंदौर से लौट रहा था घर, चाय की दुकान पर बिगड़ी तबीयत

मृतक की पहचान ग्राम मुगलखेड़ी निवासी रामबाबू मोग्या (32 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, रामबाबू इंदौर में अपनी पत्नी से मुलाकात करने के बाद वापस अपने घर लौट रहा था। सफर के दौरान वह सारंगपुर बस स्टैंड पर स्थित एक चाय के ठेले पर रुका।

उसने पहले पानी की बोतल खरीदी और थोड़ी देर आराम किया। इसके बाद जैसे ही वह चाय पीने के लिए कुर्सी पर बैठा, अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई और वह बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ा।

अस्पताल में डॉक्टरों ने घोषित किया मृत

घटना की जानकारी मिलते ही सारंगपुर थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। युवक को तत्काल नजदीकी सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है और मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

जेब से मिली ECG रिपोर्ट, दो दिन पहले कराई थी जांच

शुरुआती जांच में पुलिस और परिजनों ने बताया कि मृतक रामबाबू पिछले कुछ समय से स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहा था। तलाशी के दौरान उसकी जेब से एक ECG (इलेक्ट्रोकार्डियोग्राम) की रिपोर्ट भी मिली है। बताया जा रहा है कि सीने में घबराहट और ब्लड प्रेशर (BP) की शिकायत के चलते उसने दो दिन पहले ही दिल की जांच करवाई थी।

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार: पुलिस प्रशासन का कहना है कि मौत के असली कारणों का खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। हालांकि, सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद इलाके में यह घटना चर्चा का विषय बनी हुई है।

पारिवारिक तनाव और बीमारी से था परेशान

मृतक के छोटे भाई संजू मोग्या ने बताया कि रामबाबू स्वभाव से बेहद व्यवहार कुशल था। वह अपनी घबराहट और बीपी की बीमारी का इलाज कराने और पत्नी के पास रहने के लिए ही इंदौर गया था

पिता देवी सिंह मोग्या ने बताया कि रामबाबू मजदूरी करता था और झाड़ू बनाकर भी बेचता था। घर में थोड़ी सी जमीन होने के कारण आर्थिक स्थिति ठीक नहीं थी। पत्नी के अलग रहने के कारण वह काफी तनाव में रहता था, जिसकी वजह से उसे शराब की लत भी लग गई थी। पुलिस फिलहाल मामले के सभी पहलुओं की बारीकी से जांच कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here