सीहोर: इंदौर-भोपाल रोड पर भीषण सड़क हादसा, अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराई स्लीपर बस; एक की मौत

0
2

drnewsindia.com

सीहोर। इंदौर-भोपाल हाईवे पर मंगलवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। थाना आष्टा क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम कचनारिया जोड़ के पास अहमदाबाद से भोपाल जा रही एक निजी स्लीपर बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खंती में जा गिरी और पेड़ से टकरा गई। इस दर्दनाक हादसे में बस के हेल्पर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 4 यात्री घायल हुए हैं।

कैसे हुआ हादसा?

जानकारी के अनुसार, वर्मा ट्रेवल्स की वॉल्वो स्लीपर बस (MP04 WA 5356) अहमदाबाद से भोपाल की ओर जा रही थी। सुबह करीब 07:30 बजे कचनारिया जोड़ के पास अचानक बस के सामने एक गाय आ गई। मवेशी को बचाने के चक्कर में चालक ने जैसे ही इमरजेंसी ब्रेक लगाए, बस के ब्रेक जाम (चिपक) हो गए। ब्रेक लगने के कारण टायर घिसटकर फट गए और तेज रफ्तार बस अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतरकर सीधे एक पेड़ से जा टकराई।

हेल्पर की मौत, 4 यात्री घायल

टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। बस में चालक के पास बैठे उसके रिश्तेदार और हेल्पर सुनील मुकाती (35 वर्ष) मलबे में दब गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के वक्त बस में कुल 30 यात्री सवार थे, जिनमें से एक महिला और तीन पुरुष यात्रियों के हाथ-पैर में गंभीर चोटें आई हैं।

पुलिस और प्रशासन की त्वरित कार्रवाई

घटना की सूचना मिलते ही कुबरेश्वर धाम ड्यूटी पर तैनात DSP सुश्री पूजा शर्मा (महिला सेल प्रभारी), अमलाहा चौकी प्रभारी प्रेम सिंह ठाकुर, थाना आष्टा से सउनि सुभाष कटारे और ट्रैफिक विभाग से एएसआई जे.के. सोनी अपनी टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे।

  • रेस्क्यू: पुलिस बल ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत बस से बाहर निकाला।
  • उपचार: सभी घायलों को एम्बुलेंस के जरिए उपचार के लिए सिविल अस्पताल सीहोर भेजा गया है।
  • मदद: बस में फंसे अन्य यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालकर पुलिस ने अन्य वाहनों के माध्यम से उनके गंतव्य की ओर रवाना किया।

ऐसी ही अन्य खबरों के लिए हमारी वेबसाइट के साथ जुड़े रहें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here