drnewsindia.com
सीहोर। जिले के थाना कोतवाली अंतर्गत झागरिया जोड़ पर बुधवार रात एक तेज रफ्तार ट्रक का कहर देखने को मिला। लापरवाही से चल रहे ट्रक ने गेहूं से लदी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रैक्टर और ट्रॉली दोनों सड़क पर ही पलट गए। इस हादसे में दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मंडी जा रहा था गेहूं से भरा ट्रैक्टर
मिली जानकारी के अनुसार, ट्रैक्टर क्रमांक MP37Z9024 ग्राम मोगराराम से गेहूं लेकर मंडी की ओर जा रहा था। रात करीब 11:30 बजे जैसे ही ट्रैक्टर झागरिया जोड़ के पास पहुंचा, पीछे से आ रहे ट्रक क्रमांक MP09HH3744 के चालक ने वाहन को तेज गति और लापरवाही से चलाते हुए ट्रॉली में टक्कर मार दी।
हादसे में दो ग्रामीण हुए घायल
पुलिस अधीक्षक दीपक शुक्ला ने बताया कि इस दुर्घटना में ट्रैक्टर चालक अर्जुन (30 वर्ष) पिता सजन सिंह और धीरज (25 वर्ष) पिता सुंदरलाल, दोनों निवासी ग्राम मोगराराम, घायल हुए हैं। सूचना मिलते ही थाना कोतवाली पुलिस और एफ.आर.व्ही. की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए रवाना किया।
पुलिस ने सुचारू किया यातायात, ट्रक जब्त
हादसे के बाद सड़क पर ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से यातायात बाधित हो गया था, जिसे पुलिस बल ने मशक्कत के बाद सुचारू कराया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को जब्त कर थाने में खड़ा करवा लिया है। हालांकि, मौके का फायदा उठाकर ट्रक चालक फरार होने में कामयाब रहा, जिसकी तलाश जारी है।




