drnewsindia.com
सीहोर / मध्य प्रदेश के सीहोर जिले के रेहटी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले देलावाड़ी मार्ग पर आज दोपहर एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। इस भीषण दुर्घटना में भोपाल के रहने वाले एक पति-पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर
जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान भोपाल के भारतीय निकेतन निवासी आशुतोष दीक्षित और उनकी पत्नी ज्योति ठाकुर के रूप में हुई है। आशुतोष अपनी पत्नी ज्योति के साथ स्कूटी पर सवार होकर जा रहे थे। इसी दौरान देलावाड़ी के समीप एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। दुर्घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी चालक अपने वाहन सहित मौके से भागने में सफल रहा।

जांच में जुटी रेहटी पुलिस
बुधनी एसडीओपी रवि शर्मा ने घटना की पुष्टि की है। हादसे की सूचना मिलते ही रेहटी थाना पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है, साथ ही मृतकों के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
रेहटी पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा देलावाड़ी मार्ग और आसपास के ढाबों, दुकानों व चेकपोस्ट पर लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि आरोपी वाहन की पहचान की जा सके।
इस हादसे के बाद कुछ समय के लिए मार्ग पर जाम की स्थिति निर्मित हो गई थी, जिसे पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर यातायात को सुचारू कराया और व्यवस्था सामान्य की।





