drnewsindia.com
सीहोर। शहर के बस स्टैंड के पास स्थित एक निजी प्लाट पर अवैध कब्जे को लेकर विवाद गहरा गया है। पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया है कि स्थानीय भाजपा के एक प्रभावशाली नेता की शह पर पड़ोसी महिला उनके रजिस्टर्ड प्लाट पर कब्जा जमाए बैठी है। रविवार को जब भाजपा का प्रशिक्षण वर्ग क्रिसेंट ग्रीन में चल रहा था, तब पीड़ित परिवार ने वहां पहुंचकर वरिष्ठ भाजपा नेताओं को ज्ञापन सौंपा और न्याय की गुहार लगाई।

क्या है पूरा मामला? पीड़िता बबीता पत्नी जितेंद्र ने बताया कि उन्होंने वर्ष 2013 में शैलेश पटेल से 1000 वर्गफीट का प्लाट खरीदा था। प्लाट की रजिस्ट्री और नामांतरण उनके नाम पर है, लेकिन आर्थिक तंगी के चलते वे निर्माण नहीं कर पाए। पीड़िता का आरोप है कि पड़ोसी महिला रुक्मणि कुशवाहा ने प्लाट के अगले हिस्से में तार फेंसिंग कर अवैध कब्जा कर लिया है।

नेताओं की मौजूदगी में सौंपी शिकायत मामला तब सुर्खियों में आया जब रविवार को पीड़ित परिवार ने भाजपा के चल रहे प्रशिक्षण सत्र में पहुंचकर वरिष्ठ नेता सन्नी महाजन, भाजपा जिला अध्यक्ष नरेश मेवाड़ा, नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर और भोपाल दक्षिण-पश्चिम विधायक भगवानदास सबनानी को लिखित शिकायत सौंपी। पीड़िता ने आरोप लगाया कि कब्जाधारी महिला अक्सर सन्नी महाजन का नाम लेकर उन्हें धमकाती है।

प्रशासनिक स्तर पर भी नहीं मिला न्याय पीड़ित परिवार का कहना है कि उन्होंने कोतवाली थाना, एसडीएम कोर्ट और कलेक्टर की जनसुनवाई में कई बार गुहार लगाई है। तहसीलदार के समक्ष भी जब जांच हुई, तो कब्जाधारी महिला कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा सकी थी। इसके बावजूद, प्रभावशाली दबाव के चलते काम को बार-बार रुकवाया जा रहा है।
‘हम गरीब हैं, लंबी लड़ाई नहीं लड़ सकते’ बबीता ने भावुक होते हुए कहा कि पिछले 15 वर्षों से उनका परिवार किराए के मकान में रह रहा है। जमीन उनके नाम है, फिर भी वे बेघर हैं। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि उन्हें स्थानीय स्तर पर न्याय नहीं मिला, तो वे अब मुख्यमंत्री से इस मामले की शिकायत करेंगी।





