drnewsindia.com
श्यामपुर। सोंठी क्षेत्र में मध्य प्रदेश सरकार की वित्तीय साक्षरता पहल के तहत ग्रामीणों को आर्थिक रूप से जागरूक करने के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसी क्रम में पैक्स सोंठी, सोंटी, बैरागढ़ खुमान और हिंगोनी में जागरूकता कार्यक्रम हुए।
नाटक और गीतों के जरिए दिया संदेश
कार्यक्रम में कलाकारों ने नाटक, गीत और संगीत की प्रस्तुतियों के माध्यम से ग्रामीणों को वित्तीय लेन-देन, बचत, बैंकिंग सेवाओं और पैसों के सुरक्षित उपयोग की जानकारी दी। मनोरंजक अंदाज में कलाकारों ने समझाया कि मेहनत से कमाए पैसों को सुरक्षित रखना और सोच-समझकर उसका उपयोग करना क्यों जरूरी है।

बैंकिंग सुविधाओं का लाभ लेने की अपील
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों को वित्तीय सेवाओं की जानकारी देना और उन्हें आर्थिक रूप से सक्षम बनाना रहा। कलाकारों की प्रस्तुतियों को ग्रामीणों ने रुचि के साथ देखा और महत्वपूर्ण जानकारियां हासिल कीं। साथ ही लोगों को सरकार की वित्तीय साक्षरता योजनाओं और बैंकिंग सुविधाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में लोकेश जाट सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। आयोजकों ने बताया कि ऐसे कार्यक्रम ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को वित्तीय रूप से जागरूक और सक्षम बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।




