drnewsindia.com / नई दिल्ली। हॉकी वर्ल्ड कप 2026 का आगाज आज से होने जा रहा है। टूर्नामेंट के पुरुष वर्ग का पहला मुकाबला भारत और वेल्स के बीच खेला जाएगा। मैच शाम 4:30 बजे शुरू होगा। भारतीय टीम की नजरें जीत के साथ अभियान शुरू करने पर होंगी। वहीं वेल्स पहली बार भारत के खिलाफ वर्ल्ड कप में जीत दर्ज करने के इरादे से मैदान पर उतरेगा।
वेल्स के खिलाफ भारत का शानदार रिकॉर्ड
भारत और वेल्स के बीच अब तक 4 मुकाबले खेले गए हैं और हर बार भारतीय टीम ने जीत हासिल की है।
- 2014: भारत ने 3-1 से जीत दर्ज की
- 2018: भारत 4-3 से जीता
- 2022: भारत ने 4-1 से हराया
- 2023: भारत ने 4-2 से जीत दर्ज की
यानी वेल्स अब तक भारतीय टीम को नहीं हरा पाया है।

हरमनप्रीत पर रहेंगी खास नजरें
भारतीय कप्तान हरमनप्रीत सिंह टीम के सबसे बड़े गोल स्कोरर हैं। डिफेंडर और ड्रैग-फ्लिक विशेषज्ञ हरमनप्रीत ने 264 इंटरनेशनल मैचों में 220 गोल किए हैं।
उनके अलावा मिडफील्डर मनप्रीत सिंह और फॉरवर्ड अभिषेक भी भारत के लिए अहम भूमिका निभा सकते हैं।
वेल्स की ओर से को-कप्तान गैरेथ फर्लोंग भारत के लिए बड़ा खतरा हो सकते हैं। पेनल्टी कॉर्नर और ड्रैग फ्लिक के विशेषज्ञ फर्लोंग ने 166 मैचों में 113 गोल किए हैं।

8 भारतीय खिलाड़ी पहली बार खेलेंगे वर्ल्ड कप
भारत 20 खिलाड़ियों के स्क्वाड के साथ टूर्नामेंट में उतरेगा। टीम में 8 खिलाड़ी पहली बार वर्ल्ड कप खेलेंगे।
डिफेंडर यशदीप सिवाच के लिए यह टूर्नामेंट खास है। वह उसी देश में अपना पहला वर्ल्ड कप खेलेंगे, जहां उनकी मां प्रीतम सिवाच ने भारत के लिए वर्ल्ड कप में हिस्सा लिया था।
पहली बार श्रीजेश के बिना उतरेगा भारत
भारतीय टीम इस वर्ल्ड कप में दिग्गज गोलकीपर पीआर श्रीजेश के बिना खेलेगी। पेरिस ओलिंपिक में ब्रॉन्ज मेडल जीतने के बाद श्रीजेश ने इंटरनेशनल हॉकी से संन्यास ले लिया था।
भारत के दोनों गोलकीपर सूरज करकेरा और मोहित एचएस पहली बार वर्ल्ड कप में खेलेंगे।

पुरुष मुकाबले से पहले महिला टीमों की टक्कर
भारत-वेल्स मुकाबले से पहले महिला वर्ग में दो मैच खेले जाएंगे। पहले मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया और जापान आमने-सामने होंगे। इसके बाद जर्मनी और स्कॉटलैंड के बीच मुकाबला होगा।
भारत का स्क्वाड
हरमनप्रीत सिंह (कप्तान), मोहित एचएस, सूरज करकेरा, जरमनप्रीत सिंह, अमित रोहिदास, जुगराज सिंह, संजय, सुमित, यशदीप सिवाच, मनप्रीत सिंह, हार्दिक सिंह, विवेक सागर प्रसाद, नीलाकांता शर्मा, राजिंदर सिंह, आदित्य अर्जुन लालगे, मंदीप सिंह, अभिषेक, सुखजीत सिंह, दिलप्रीत सिंह और शिलानंद लाकड़ा।
वेल्स का स्क्वाड
गैरेथ फर्लोंग (कप्तान), टोबी रेनॉल्ड्स-कॉटेरिल, राइस पेन, डेनियल किरियाकिडिस, ह्वेल जोन्स, अल्फ डिनी, जैकब ड्रेपर, रोडरी फर्लोंग, डेल हचिंसन, राइस ब्रैडशॉ, फ्रेड न्यूबोल्ड, गैरेथ ग्रिफिथ्स, बेन फ्रांसिस, निक मॉर्गन, जैक प्रिचर्ड, जोलियॉन मॉर्गन, सैम वेल्श, जॉनी फ्लेक, जेम्स टायसन और लियाम बार्कर।

मैच की बड़ी बातें
मैच: भारत vs वेल्स
टूर्नामेंट: हॉकी वर्ल्ड कप 2026
शुरुआत: शाम 4:30 बजे
भारत का रिकॉर्ड: वेल्स के खिलाफ 4 में 4 जीत
हरमनप्रीत सिंह: 264 मैच, 220 गोल
वेल्स के गैरेथ फर्लोंग: 166 मैच, 113 गोल




