1.25 करोड़ से अधिक महिलाओं के खातों में 1835 करोड़ रुपए की 38वीं किस्त जारी, भिंड में 322 करोड़ के 56 विकास कार्यों की सौगात

0
3

भोपाल/भिंड। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि लाड़ली बहना योजना प्रदेश में महिला सशक्तिकरण की सबसे बड़ी और क्रांतिकारी पहल बन चुकी है। उन्होंने रविवार को भिंड जिले के लहार में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में प्रदेश की 1.25 करोड़ से अधिक लाड़ली बहनों के बैंक खातों में योजना की 38वीं किस्त के रूप में 1835 करोड़ रुपए अंतरित किए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने भिंड जिले के लिए 322 करोड़ रुपए लागत के 56 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन भी किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाना सरकार की पहली प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं को ग्राम पंचायत से लेकर संसद तक नेतृत्व की भूमिका मिल रही है और मध्यप्रदेश सरकार भी इसी दिशा में निरंतर कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा होगी शुरू

डॉ. यादव ने घोषणा की कि प्रदेश में जल्द ही मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा शुरू की जाएगी, जिससे महिलाओं सहित सभी नागरिकों को सुरक्षित और सुविधाजनक परिवहन उपलब्ध होगा।

यूसीसी लागू करने की तैयारी

मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है और इसी माह इसे लागू करने की तैयारी की जा रही है। इसके लिए विभिन्न वर्गों और संगठनों से सुझाव लेकर मसौदा तैयार किया गया है।

भिंड में विकास को नई गति

मुख्यमंत्री ने कहा कि भिंड और ग्वालियर-चंबल क्षेत्र तेजी से विकास की ओर बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि भिंड जिले में शिक्षा, सड़क, उद्योग और अन्य बुनियादी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। कार्यक्रम में चार नए सांदीपनि विद्यालयों का लोकार्पण भी किया गया तथा लहार में स्नातकोत्तर (पीजी) कक्षाओं की सुविधा बढ़ाने की घोषणा की गई।

गीता भवन और वृंदावन ग्राम की योजना

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश के नगरीय क्षेत्रों में गीता भवन स्थापित किए जा रहे हैं, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में वृंदावन ग्राम की अवधारणा को साकार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों, युवाओं, महिलाओं और गरीबों के कल्याण के लिए लगातार नई योजनाएं लागू कर रही है।

दंदरौआ सरकार धाम में पूजा-अर्चना

भिंड प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मेहगांव स्थित प्रसिद्ध दंदरौआ सरकार धाम पहुंचकर पूजा-अर्चना की और प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। उन्होंने मंदिर के महंत श्री 1008 रामदास जी महाराज से भी भेंट की।

कार्यक्रम में पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रह्लाद सिंह पटेल, ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला, विधायक अंबरीश शर्मा, नरेंद्र सिंह कुशवाह सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में लाड़ली बहनें एवं नागरिक उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here