Drnewsindia.com
इंदौर / में शनिवार सुबह बड़ा हादसा टल गया, जब चलती हुई एक स्कूल बस में अचानक आग लग गई। गनीमत रही कि ड्राइवर ने समझदारी दिखाते हुए बस को कॉलोनी के एक खाली मैदान में रोक दिया और सभी बच्चों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
यह घटना सांवेर थाना क्षेत्र के पंच डेरिया गांव की बताई जा रही है। सर्व विकास पब्लिक स्कूल, धरमपुरी की यह बस बच्चों को लेकर स्कूल जा रही थी, तभी डीजल लीक होने के चलते बस में अचानक आग भड़क उठी।
बच्चों को सुरक्षित निकाला, लोगों ने की मदद
आग लगते ही ड्राइवर ने बस रोककर सभी बच्चों को बाहर निकाला। बस में सवार करीब 10 से अधिक बच्चे थे जिन्हें सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया।
पास ही निर्माणाधीन कॉलोनी में मौजूद लोगों ने ट्यूबवेल की पाइप से पानी डालकर आग पर काबू पाने की कोशिश की। साथ ही, किसी ने फायर ब्रिगेड को सूचना दी। फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आग पर काबू पा लिया गया था। हालांकि पूरी बस जलकर राख हो गई।
मौके पर जुटी भीड़, पुलिस ने शुरू की जांच
घटना के बाद इलाके में अफरातफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। कई लोगों ने मोबाइल से घटना के वीडियो भी बनाए।
एडिशनल एसपी रूपेश द्विवेदी ने बताया कि यह हादसा रिंगनोदिया चौराहा क्षेत्र का है। फिलहाल किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। प्रारंभिक जांच में बस में डीजल लीकेज से आग लगने की बात सामने आई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।




