Drnewsindia.com / 18 दिसंबर 2025
अशोकनगर / जिले के पछाड़ी खेड़ा क्षेत्र में स्थित एक शॉपिंग मॉल में बुधवार शाम चोरी की वारदात सामने आई है। मॉल के काउंटर पर रखे 5 से 6 हजार रुपए एक युवक ने मौके का फायदा उठाकर चुरा लिए। घटना के समय मॉल संचालक किसी कार्य से बाहर गए हुए थे, इसी दौरान चोरी को अंजाम दिया गया।
काउंटर खाली देख उठाया फायदा
मॉल संचालक वीरेंद्र सिंघाई ने बताया कि वे कुछ देर के लिए काउंटर से हटे थे। जब वापस लौटे तो गल्ले से नकदी गायब मिली। इसके बाद उन्होंने मॉल में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की, जिसमें एक युवक पैसे चुराते हुए साफ नजर आया।
पहले की रेकी, फिर वारदात
सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, आरोपी युवक काले रंग की जैकेट पहने हुए था। चोरी से पहले वह कुछ देर तक मॉल के बाहर खड़ा होकर रेकी करता रहा। इसके बाद वह अंदर दाखिल हुआ, इधर-उधर नजर दौड़ाई और मौका मिलते ही काउंटर पर रखे सेफ से पैसे निकालकर फरार हो गया।
ग्राहकों की मौजूदगी में दिया वारदात को अंजाम
खास बात यह रही कि जिस समय चोरी हुई, उस वक्त मॉल में ग्राहक खरीदी कर रहे थे और अच्छी-खासी भीड़ मौजूद थी। इसके बावजूद युवक ने बड़ी चालाकी से चोरी की और किसी को भनक तक नहीं लगी।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की पहचान की जा रही है और जल्द ही उसे पकड़ लिया जाएगा।




