सिकल सेल मरीजों की नियमित जांच और सतत फॉलो-अप जरूरी: राज्यपाल मंगुभाई पटेल

0
21

बोले– 2047 तक देश से सिकल सेल रोग के उन्मूलन का लक्ष्य

Drnewsindia.com

भोपाल/बुरहानपुर। राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल ने सिकल सेल रोग से पीड़ित मरीजों की नियमित जांच, सिकल सेल कार्ड उपलब्ध कराने और उपचार व परामर्श के सतत फॉलो-अप पर विशेष जोर दिया है। उन्होंने कहा कि सिकल सेल रोग को लेकर व्यापक जन-जागरूकता अत्यंत आवश्यक है और इसमें समाज के सभी वर्गों की सक्रिय सहभागिता होनी चाहिए।

राज्यपाल बुधवार को बुरहानपुर जिले के बोरीबुजुर्ग सीएम राइज स्कूल में आयोजित जन-संवाद कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।

2047 तक सिकल सेल मुक्त भारत का संकल्प

राज्यपाल श्री पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2047 तक देश में एक भी बच्चा आनुवांशिक सिकल सेल रोग से पीड़ित न हो, इस लक्ष्य के साथ देशव्यापी अभियान संचालित किया जा रहा है। सरकार इस दिशा में निरंतर प्रयास कर रही है और समाज का सहयोग इसमें अहम भूमिका निभाएगा।

ग्रामीण क्षेत्रों में निरंतर हो रहा विकास

राज्यपाल ने कहा कि यह संतोष का विषय है कि प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार विकास कार्य हो रहे हैं। उन्होंने जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से आग्रह किया कि स्थानीय स्तर पर चिन्हित जरूरतमंदों को प्राथमिकता के आधार पर शासन की सभी योजनाओं का लाभ दिलाया जाए।

उन्होंने “सबका साथ–सबका विकास, सबका विश्वास–सबका प्रयास” के मंत्र को दोहराते हुए लाड़ली बहना योजना, धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान, प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। साथ ही “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत फलदार पौधे लगाने के लिए प्रेरित किया।

जनप्रतिनिधियों ने भी किया संबोधन

कार्यक्रम को सांसद श्री ज्ञानेश्वर पाटील, बुरहानपुर विधायक श्रीमती अर्चना चिटनिस, नेपानगर विधायक सुश्री मंजू दादू एवं पंधाना विधायक श्रीमती छाया मोरे ने भी संबोधित किया।

हितग्राहियों ने साझा किए अनुभव

कार्यक्रम के दौरान हितग्राहियों ने योजनाओं से मिले लाभों के अनुभव साझा किए।

  • पारली बाई सोलंकी ने बताया कि लाड़ली बहना योजना से मिली राशि से उन्होंने सिलाई मशीन खरीदी और स्वयं का रोजगार शुरू किया।
  • जैविक किसान बनसिंह ने बताया कि वे रासायनिक खेती छोड़कर गोबर खाद से जैविक खेती कर रहे हैं, जिससे उनकी आय में वृद्धि हुई है।

हितलाभ वितरण और मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान

राज्यपाल श्री पटेल ने कार्यक्रम में विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को लाभ वितरित किए। उन्होंने लाड़ली लक्ष्मी योजना की हितग्राही रूही, पीएमएफएमई योजना के लाभार्थी, स्वयं सहायता समूह को सीसीएल ऋण, टीबी मरीजों को फूड बास्केट, सिकल सेल कार्ड एवं आयुष्मान कार्ड वितरित किए।
कक्षा 10वीं एवं 12वीं के मेधावी विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।

शासकीय आदिवासी कन्या आश्रम का निरीक्षण

कार्यक्रम से पूर्व राज्यपाल ने शासकीय आदिवासी कन्या आश्रम बोरीबुजुर्ग का भ्रमण किया। उन्होंने बालिकाओं से संवाद कर शिक्षा के महत्व पर जोर दिया और उन्हें आत्मनिर्भर व सशक्त बनने के लिए प्रेरित किया। छात्राओं की दैनिक दिनचर्या, अध्ययन व्यवस्था और भोजन की जानकारी भी ली।

पीएम आवास योजना के हितग्राहियों से गृह भेंट

राज्यपाल श्री पटेल ने ग्राम पंचायत दवाटिया में प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों के घर पहुंचकर आवासों का निरीक्षण किया। उन्होंने हितग्राही परिवारों से आत्मीय संवाद किया और योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली।
इस दौरान उन्होंने श्री निहालसिंह किशन के यहां पारंपरिक ग्रामीण भोजन भी किया।

आत्मीय स्वागत

बोरीबुजुर्ग सीएम राइज स्कूल में राज्यपाल का स्वागत स्कूली विद्यार्थियों द्वारा जनजातीय नृत्य के साथ किया गया। उन्हें पारंपरिक आदिवासी परिधान, धनुष-तीर एवं जनजातीय नायकों के छायाचित्र भेंट किए गए।

इस अवसर पर कलेक्टर श्री हर्ष सिंह, पुलिस अधीक्षक श्री देवेंद्र पाटीदार सहित अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here