Drnewsindia /शिवपुरी/ग्वालियर | मध्य प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (MPCA) के अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के पुत्र महानार्यमन सिंधिया शिवपुरी जिले के कोलारस में हुए कार हादसे के बाद असहज नजर आए। दर्द की शिकायत के चलते मंगलवार को वह ग्वालियर के एक निजी अस्पताल पहुंचे, जहां उनका सीटी स्कैन सहित अन्य चिकित्सकीय परीक्षण किया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, महानार्यमन सिंधिया दो दिवसीय शिवपुरी जिला दौरे पर थे। सोमवार को वह कोलारस के कॉलेज ग्राउंड में आयोजित एक क्रिकेट टूर्नामेंट में शामिल हुए थे। कार्यक्रम के दौरान वह समर्थकों और आम जनता का अभिवादन करने के लिए कार के सनरूफ से बाहर खड़े हुए थे।

सनरूफ से उतरते समय हुआ हादसा
बताया जा रहा है कि कार्यक्रम समाप्त होने के बाद जब महानार्यमन सिंधिया पिछोर कार्यक्रम से लौटकर चंदेरी के लिए रवाना हुए, उसी दौरान उन्हें तेज दर्द महसूस हुआ। आशंका जताई जा रही है कि सनरूफ से उतरते समय या वाहन में असंतुलन के कारण उन्हें चोट लगी।
ग्वालियर में कराया गया मेडिकल चेकअप
मंगलवार को शिवपुरी से ग्वालियर पहुंचने के बाद महानार्यमन सिंधिया सीधे शहर के एक निजी अस्पताल गए। वहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका सीटी स्कैन और अन्य आवश्यक जांचें की गईं। अस्पताल में उनके समर्थकों और शुभचिंतकों की भी काफी संख्या मौजूद रही।
दर्द के कारण नहीं कर सके अभिवादन
आमतौर पर सार्वजनिक कार्यक्रमों में बेहद सहज और मुस्कुराते नजर आने वाले महानार्यमन सिंधिया, अस्पताल से बाहर निकलते समय दर्द के कारण असहज दिखाई दिए। इस दौरान वह लोगों का हाथ हिलाकर अभिवादन करने की स्थिति में भी नहीं थे, जिससे उनके समर्थक चिंतित नजर आए।
फिलहाल डॉक्टरों की निगरानी में उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है। चिकित्सकों ने एहतियात बरतने और कुछ समय तक आराम करने की सलाह दी है।




