सिद्धि बाला बोस लाइब्रेरी एसोसिएशन के शताब्दी वर्ष समापन समारोह में हुए शामिल
drnewsindia/जबलपुर।
जबलपुर में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को सिद्धि बाला बोस लाइब्रेरी एसोसिएशन के शताब्दी वर्ष समापन समारोह का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने नेताजी सुभाषचंद्र बोस की प्रतिमा का अनावरण किया तथा ‘यात्री’ स्मारिका का विमोचन भी किया।
कार्यक्रम के दौरान दोनों नेताओं ने लाइब्रेरी परिसर में आयोजित प्रदर्शनी का अवलोकन किया और संस्था की 100 वर्षों की गौरवशाली यात्रा की सराहना की।
बांग्ला साहित्य और कला को दिया व्यापक स्वरूप: नड्डा
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने कहा कि जबलपुर स्थित सिद्धि बाला बोस लाइब्रेरी एसोसिएशन ने अपने 100 वर्षों के सफर में बांग्ला साहित्य, कला और संस्कृति को समृद्ध करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
उन्होंने कहा कि नेताजी सुभाषचंद्र बोस केवल राष्ट्रभक्त ही नहीं, बल्कि त्याग और बलिदान की प्रतिमूर्ति थे। उनका प्रेरक व्यक्तित्व प्रत्येक भारतीय में राष्ट्रहित के प्रति समर्पण की भावना को सुदृढ़ करता है।
कला, साहित्य और संस्कृति के संरक्षण में अग्रणी संस्था: सीएम
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने संबोधन की शुरुआत उपस्थित जनसमूह को बसंत पंचमी की शुभकामनाएं देकर की। उन्होंने कहा कि सिद्धि बाला बोस लाइब्रेरी एसोसिएशन ने कला, साहित्य और संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन में निरंतर अग्रणी भूमिका निभाई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे संस्थान न केवल प्रदेश की बौद्धिक चेतना को सशक्त करते हैं, बल्कि हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने का कार्य भी करते हैं।
उन्होंने आश्वासन दिया कि शासन इस गौरवशाली परंपरा के संरक्षण और विस्तार के लिए सदैव सहयोगी भूमिका निभाता रहेगा।
पूर्व सांसद जय श्री बनर्जी को किया गया सम्मानित
शताब्दी समारोह के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने पूर्व मंत्री एवं पूर्व सांसद श्रीमती जय श्री बनर्जी को सम्मान पत्र प्रदान कर उनके योगदान को सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री का आत्मीय स्वागत
इससे पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के जबलपुर आगमन पर कैबिनेट मंत्री राकेश सिंह, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका आत्मीय स्वागत किया।




