कमरोरा गांव में दोहरे हत्याकांड से दहशत: युवती की हत्या के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने आरोपी को पीटकर मार डाला

0
4

drnewsindia

रायसेन जिले के सुल्तानपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत कमरोरा गांव में सोमवार दोपहर हुए दोहरे हत्याकांड ने पूरे इलाके को दहला दिया। एक ओर 20 वर्षीय युवती की नृशंस हत्या हुई, वहीं दूसरी ओर घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों की पिटाई से आरोपी युवक की भी मौत हो गई। घटना के बाद गांव में भय और सन्नाटे का माहौल है।

खेत जाते समय हुई वारदात
जानकारी के अनुसार, 20 वर्षीय युवती खेत पर अपने भाई को खाना देने जा रही थी। इसी दौरान गांव के ही युवक प्रकाशसिंह भिलाड़ा (25) पिता बल्लू भिलाड़ा ने उसके साथ जबरदस्ती करने की कोशिश की। युवती द्वारा विरोध और शोर मचाने पर आरोपी ने धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे युवती की मौके पर ही मौत हो गई।

ग्रामीणों के आक्रोश में आरोपी की मौत
घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, लेकिन कुछ ही देर में परिजन और ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया। गुस्साए लोगों ने उसकी पिटाई कर दी, जिससे आरोपी की भी मौत हो गई। इस दोहरे हत्याकांड के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया।

अब तक छह लोग गिरफ्तार
पुलिस ने इस मामले में अब तक छह लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए लोगों में मृतक युवती के दो चाचा और उसका भाई भी शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

12वीं तक पढ़ी थी युवती
मृतक युवती 12वीं तक शिक्षित थी। आरोपी और युवती दोनों एक ही समाज से थे और उनके घर गांव में पास-पास ही स्थित थे। घटना के बाद पूरे गांव में डर और शोक का माहौल है।

दो दिन पहले ही गांव आया था आरोपी
ग्रामीणों के अनुसार, आरोपी प्रकाशसिंह ट्रक ड्राइवर था और अधिकतर समय बाहर रहता था। वह दो दिन पहले ही गांव आया था। घटना वाले दिन उसे खेत की ओर जाने वाले रास्ते पर घूमते हुए देखा गया था। जिस ट्रक को वह चलाता था, उसी में उसका शव गांव लाया गया।

पुलिस ने किया घटनास्थल का निरीक्षण
घटना की जानकारी मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश खरपुसे ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया और अधिकारियों को पूरे मामले की गहराई से एवं निष्पक्ष जांच करने के निर्देश दिए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here