मोरबी-राजकोट हाईवे पर तेज रफ्तार कार 7 बार पलटी, दो युवकों की मौत

0
4

20 फीट उछलकर सड़क पर गिरे कार सवार, ट्रांसफॉर्मर से टकराकर रुकी कार; पिछली सीट पर बैठा युवक घायल

drnewsindia.com / मोरबी। गुजरात के मोरबी-राजकोट हाईवे पर सोमवार को तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर भीषण हादसे का शिकार हो गई। कार सड़क पर करीब 7 बार पलटी खाते हुए किनारे लगे ट्रांसफॉर्मर से जा टकराई। हादसे में कार सवार दो युवकों की मौत हो गई, जबकि पिछली सीट पर बैठा एक युवक घायल हो गया। दुर्घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।

प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, कार पलटने के दौरान चालक और उसके बगल में बैठा युवक उछलकर करीब 20 फीट दूर जा गिरे। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, पिछली सीट पर बैठे युवक को मामूली चोटें आईं। टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रांसफॉर्मर का खंभा भी टूट गया।

मंडप डेकोरेशन का काम करते थे तीनों युवक

हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान राजकोट निवासी अमन गणेशभाई बाबरिया (25) और प्रभात कालूभाई लामका (28) के रूप में हुई है। घायल युवक की पहचान जीवण सवाभाई डाभी (35) के रूप में हुई है। तीनों मंडप डेकोरेशन का काम करते थे और इसी सिलसिले में मोरबी जा रहे थे। टंकारा के पास उनकी कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई।

सीसीटीवी में कैद हुआ हादसा

सामने आए सीसीटीवी फुटेज में तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलटती दिखाई दे रही है। कई बार पलटने के बाद कार ट्रांसफॉर्मर से टकराकर रुक जाती है। स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर तीनों को अस्पताल पहुंचाया।

सूचना मिलने पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हादसा किस वजह से हुआ, इसका पता लगाया जा रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here