drnewsindia.com \ विदिशा
विदिशा-भोपाल हाईवे पर खड़े ट्रक से 310 लीटर डीजल चोरी के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। सिविल लाइन थाना पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी किया गया डीजल और वारदात में इस्तेमाल की गई कार जब्त कर ली है।
यह घटना 5 अप्रैल की देर रात हाईवे बायपास पर हुई थी। इंदौर से दमोह जा रहे ट्रक चालक राजेश कुर्मी ने विदिशा के पास टैंकर में डीजल भरवाया था। रात में वह ट्रक को सड़क किनारे खड़ा कर आराम कर रहा था, तभी आरोपी ने सुनसान का फायदा उठाकर टैंकर से करीब 310 लीटर डीजल चोरी कर लिया, जिसकी कीमत लगभग 28 हजार रुपए बताई गई है।
घटना के बाद चालक की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मुखबिर और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान कर रायसेन जिले के मोडीकोड़ी गांव में दबिश दी, जहां से आमिर खान को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने आरोपी के पास से चोरी किया गया डीजल बरामद कर लिया है, साथ ही वारदात में इस्तेमाल की गई करीब 10 लाख रुपए की कार भी जब्त की गई है। पूछताछ में आरोपी ने चोरी की वारदात कबूल कर ली है।
पुलिस अब यह जांच कर रही है कि आरोपी किसी गिरोह से जुड़ा है या नहीं, और चोरी किए गए डीजल को कहां बेचा जाता था। हाईवे पर बढ़ती चोरी की घटनाओं के बीच इस कार्रवाई से वाहन चालकों को राहत मिली है।




