पटना में ‘पोस्टर वॉर’: खान सर की कोचिंग पर हमला, गार्ड का सिर फोड़ा; ज्ञान बिंदु कोचिंग के डायरेक्टर रौशन आनंद समेत 3 गिरफ्तार

0
2

drnewsindia.com

पटना। बिहार की राजधानी पटना के मुसल्लहपुर हाट क्षेत्र में मंगलवार रात को भारी बवाल हो गया। मशहूर शिक्षक खान सर की कोचिंग संस्थान ‘ग्लोबल स्टडीज’ पर अचानक ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया गया। हमले का एक खौफनाक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कुछ नकाबपोश लोग कोचिंग के सिक्योरिटी गार्ड को सड़क पर घसीटकर बेरहमी से पीटते और पोस्टर फाड़ते नजर आ रहे हैं। इस हमले में गंभीर रूप से घायल गार्ड को PMCH अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

इस हाई-प्रोफाइल मामले में पटना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पड़ोसी कोचिंग ‘ज्ञान बिंदु’ के डायरेक्टर रौशन आनंद और उनके दो सहयोगियों (अभिषेक और गौरव) को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।

विवाद की असली वजह: 12 हजार छात्रों का पोस्टर

स्थानीय लोगों और पुलिस जांच के मुताबिक, इस पूरे फसाद की जड़ एक पोस्टर है। दरअसल, खान सर की कोचिंग के ठीक बगल में ही ‘ज्ञान बिंदु’ कोचिंग इंस्टीट्यूट है। बिहार पुलिस सिपाही भर्ती में चयनित हुए 12 हजार छात्रों के सम्मान समारोह को लेकर खान सर की कोचिंग का एक बड़ा पोस्टर ज्ञान बिंदु कोचिंग के बोर्ड के ठीक ऊपर लगा दिया गया था। इसी पोस्टर को हटाने और साख की लड़ाई को लेकर दोनों पक्षों में विवाद बढ़ा, जिसने रात होते-होते हिंसक रूप ले लिया।

गुरुओं में ‘क्रेडिट वॉर’: कैंडिडेट की खरीद-फरोख्त के लगे आरोप

इस घटना के बाद पटना के कोचिंग संचालकों के बीच की आपसी रंजिश भी खुलकर सामने आ गई है।

  • ज्ञान बिंदु के डायरेक्टर रौशन आनंद का आरोप: “यह सब खान सर की सोची-समझी साजिश है। बिहार पुलिस के बेहतरीन रिजल्ट की वजह से खान ये सब करवा रहा है, ताकि मेरी कोचिंग को बर्बाद किया जा सके और मुझे फंसाया जा सके।”
  • गुरु रहमान का तीखा हमला: इस विवाद पर प्रसिद्ध गुरु रहमान ने भी खान सर को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा, “सिपाही भर्ती का रिजल्ट आते ही खान सर और ज्ञान बिंदु दोनों ने छात्रों की जमकर खरीद-बिक्री की है। सिपाही के कुल 19,838 पदों पर बहाली हुई थी, लेकिन खान सर ने अकेले ही 22 हजार छात्रों के पास होने का झूठा दावा ठोक दिया! जब वे इस झूठ में पकड़े गए, तो मामले को भटकाने के लिए गोलीबारी की नौटंकी रच दी। बिहार सरकार को खान सर पर भी कार्रवाई करनी चाहिए।”

गोलीबारी के दावे पर पलटे खान सर!

घटना के तुरंत बाद खान सर ने शुरुआत में दावा किया था कि कोचिंग के बाहर 8 से 10 राउंड गोलियां चली हैं। हालांकि, पटना पुलिस और एसएसपी कार्तिकेय शर्मा ने सीसीटीवी (CCTV) फुटेज खंगालने के बाद साफ किया कि मौके पर पत्थरबाजी और तोड़फोड़ जरूर हुई है, लेकिन फायरिंग की कोई पुष्टि नहीं हुई है। इसके बाद खान सर भी अपने बयान से पलट गए और कहा, “माहौल इतना तनावपूर्ण था कि मुझे कुछ समझ नहीं आया।”

नीतीश सरकार का बड़ा एक्शन: 3 महीने में बनेगी ‘कोचिंग नीति’

इस शर्मनाक घटना के बाद बिहार का शिक्षा विभाग तुरंत एक्शन मोड में आ गया है। सरकार ने घोषणा की है कि अगले 3 महीने के भीतर राज्य में एक सख्त ‘कोचिंग नीति’ तैयार की जाएगी। इसके तहत सभी कोचिंग संस्थानों के लिए एक ‘मॉडल कोड ऑफ कंडक्ट’ (आचार संहिता) लागू होगा, जिसके दायरे में रहकर ही कोचिंग्स का संचालन किया जा सकेगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले संस्थानों को सीधे सील किया जाएगा।

सड़कों पर उतरे छात्र, सुरक्षा बल तैनात

बुधवार को खान सर ने कोचिंग को पूरी तरह बंद रखते हुए कहा, “आज पढ़ाई नहीं हो पाएगी।” इधर हमले की खबर मिलते ही खान सर के हजारों छात्र सड़कों पर बैठ गए और प्रदर्शन करने लगे। छात्रों की मांग है कि जब तक खान सर को पुख्ता सुरक्षा नहीं मिलती, वे वहां से नहीं हटेंगे। तनाव को देखते हुए इलाके में भारी पुलिस बल और FSL की टीमें तैनात की गई हैं।

राजनीतिक बयानबाजी शुरू: मामले पर जेडीयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने कहा कि बिहार में कानून व्यवस्था सर्वोपरि है और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। वहीं, लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि बिहार में कानून-व्यवस्था पूरी तरह भगवान भरोसे है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here