drnewsindia.com /भोपाल। राजधानी भोपाल के कोतवाली थाना क्षेत्र में एक कपड़ा व्यापारी पर जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। नदीम रोड स्थित एक कपड़ों की दुकान में मामूली विवाद के बाद व्यापारी के बिजनेस पार्टनर के भाई ने चाकू से हमला कर दिया। घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

पुलिस के अनुसार, फरियादी अमन कुरैशी नदीम रोड पर ‘अमन कलेक्शन’ नाम से बच्चों के कपड़ों की दुकान संचालित करते हैं। बताया जा रहा है कि दुकान पर किसी बात को लेकर अमन और उनके बिजनेस पार्टनर के भाई इमरान के बीच कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर इमरान ने अपना आपा खो दिया और गाली-गलौज करने लगा।
बीच-बचाव करने पर भड़का आरोपी

जानकारी के मुताबिक, अमन कुरैशी ने स्थिति को शांत करने की कोशिश करते हुए इमरान से विवाद न करने की बात कही। इसी दौरान आरोपी और अधिक आक्रोशित हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, उसने अचानक चाकू निकाल लिया और अमन पर हमला कर दिया। हमले के दौरान आरोपी ने कथित तौर पर धमकी देते हुए कहा, “आज तो तू बच गया, अगली बार जान से मार दूंगा।”
गले पर किया वार, CCTV में कैद हुई पूरी घटना

दुकान में लगे सीसीटीवी फुटेज में आरोपी को चाकू लेकर अमन की ओर बढ़ते हुए देखा जा सकता है। वीडियो में वह अमन के गले पर वार करने की कोशिश करता नजर आ रहा है। अचानक हुए हमले से दुकान में अफरा-तफरी मच गई और वहां मौजूद लोग घबरा गए।
पड़ोसियों की सूझबूझ से बची जान
घटना के दौरान दुकान से चीख-पुकार की आवाज सुनकर पास की दुकान में काम करने वाला युवक सैफ मौके पर पहुंचा। उसने अन्य लोगों की मदद से बीच-बचाव किया, जिससे अमन की जान बच सकी। लोगों के एकत्र होने पर आरोपी मौके से फरार हो गया।
आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज

घटना की सूचना मिलने पर कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। थाना प्रभारी ने बताया कि अमन कुरैशी की शिकायत के आधार पर आरोपी इमरान के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को साक्ष्य के रूप में अपने कब्जे में लेकर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस कर रही गिरफ्तारी के प्रयास

पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। वहीं, दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने क्षेत्र के व्यापारियों और स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। पुलिस का दावा है कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।




