भोपाल। राजधानी में ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने के लिए जिला प्रशासन, न्यायालय और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई लगातार दो दिन तक जारी रही। पहले दिन डीबी सिटी चौराहे और दूसरे दिन आईएसबीटी क्षेत्र में विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान सांसद, मंत्री के स्टाफ, महापौर समेत वीआईपी वाहनों को भी नहीं बख्शा गया। दो दिनों तक चले अभियान में हूटर, अवैध नेम प्लेट, ब्लैक फिल्म, बिना हेलमेट और अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की गई।
पहला दिन: सड़क पर लगी कोर्ट, VIP वाहनों के भी कटे चालान
मंगलवार को डीबी सिटी चौराहे पर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम) अग्नीध्र कुमार द्विवेदी के नेतृत्व में करीब चार घंटे तक विशेष चालानी अभियान चला। जिला रजिस्ट्रार एवं न्यायिक मजिस्ट्रेट भारत सिंह रघुवंशी भी मौजूद रहे। अभियान के दौरान 34 चालान बनाए गए। सांसद की नेम प्लेट लगी गाड़ी को रोककर हूटर और नेम प्लेट हटवाई गई। छिंदवाड़ा महापौर विक्रम अहाके की गाड़ी का भी चालान किया गया। वहीं मंत्री विश्वास सारंग के स्टाफ की गाड़ी पर लगे हूटर को देखकर वाहन रोककर चालानी कार्रवाई की गई। प्रशासन ने साफ संदेश दिया कि कानून सभी के लिए समान है।
दूसरा दिन: 13 चालान, डंपर जब्त, असिस्टेंट कमांडेंट की गाड़ी भी जांची
बुधवार को आईएसबीटी क्षेत्र में दूसरे दिन भी विशेष चेकिंग अभियान जारी रहा। इस दौरान बिना हेलमेट, ब्लैक फिल्म और अन्य नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 13 चालान बनाए गए और 6 हजार रुपये से अधिक का जुर्माना वसूला गया। गलत समय पर शहर में प्रवेश करने और दस्तावेज नहीं होने पर एक डंपर जब्त किया गया।

VIP वाहनों पर भी कार्रवाई, असिस्टेंट कमांडेंट की गाड़ी रोकी
अभियान के दौरान हूटर और नेम प्लेट लगी एक असिस्टेंट कमांडेंट की गाड़ी को भी जांच के लिए रोका गया। अधिकारियों ने दस्तावेजों और हूटर के उपयोग की अनुमति की जांच की। सभी दस्तावेज वैध पाए जाने पर वाहन को बिना किसी कार्रवाई के जाने दिया गया। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जांच अभियान में किसी भी वाहन को विशेष छूट नहीं दी जा रही है।
गलत समय पर शहर में चल रहा डंपर जब्त

चेकिंग के दौरान एक डंपर निर्धारित समय-सीमा का उल्लंघन करते हुए शहर के भीतर संचालित मिलता पाया गया। चालक आवश्यक दस्तावेज भी प्रस्तुत नहीं कर सका, जिसके बाद डंपर को जब्त कर लिया गया। कार्रवाई के दौरान जिला रजिस्ट्रार एवं न्यायिक मजिस्ट्रेट भारत सिंह रघुवंशी मौजूद रहे।
बाइक को लेकर युवक ने किया हंगामा
वाहन जांच के दौरान एक युवक की बाइक रोककर पुलिस ने चालानी कार्रवाई शुरू की। युवक ने खुद को लाल सिटी बस का चालक बताते हुए कहा कि वह ड्यूटी से लौट रहा था। कुछ देर बाद उसने बाइक गायब होने की बात कहकर हंगामा किया, लेकिन पुलिस की जांच में बाइक वहीं दूसरी जगह खड़ी मिली, जिसके बाद मामला शांत हो गया।

पहले दिन भी हुई थी बड़ी कार्रवाई
विशेष अभियान के पहले दिन भी शहर के विभिन्न प्रमुख चौराहों पर सघन वाहन जांच की गई थी। हेलमेट, सीट बेल्ट, ब्लैक फिल्म, नंबर प्लेट और अन्य नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर कार्रवाई करते हुए बड़ी संख्या में चालान बनाए गए थे। प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि राजधानी में ट्रैफिक अनुशासन बनाए रखने के लिए यह विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
आगे भी जारी रहेगा अभियान
प्रशासन का कहना है कि राजधानी में ट्रैफिक अनुशासन बनाए रखने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर उनकी पहचान या पद की परवाह किए बिना कार्रवाई की जाएगी।





