उज्जैन। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि आदर्श आंगनवाड़ी केंद्र बच्चों के सर्वांगीण विकास की पहली पाठशाला हैं। प्रदेश सरकार छोटे बच्चों के शारीरिक, मानसिक और बौद्धिक विकास के लिए आंगनवाड़ी केंद्रों पर सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करा रही है। उन्होंने बुधवार को उज्जैन के स्वेज फार्म स्थित सक्षम आदर्श आंगनवाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया और विभिन्न हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ वितरित किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सीएसआर फंड से विकसित इस आधुनिक आंगनवाड़ी केंद्र में बच्चों के लिए पक्का भवन, फर्नीचर, खिलौने, पोषण आहार, स्वास्थ्य जांच, टीकाकरण और प्रारंभिक शिक्षा जैसी सभी सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध हैं। उन्होंने महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से आयोजित पोषण प्रदर्शनी का भी अवलोकन कर उसकी सराहना की।

बच्चों से किया संवाद, झूला भी झुलाया
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने आंगनवाड़ी केंद्र में बच्चों से बातचीत कर वहां संचालित गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने फूड जोन, स्वास्थ्य परीक्षण कक्ष और मेडिसिन कक्ष का निरीक्षण किया। बच्चों ने “नमस्ते सर” कहकर मुख्यमंत्री का स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने बच्चों को झूला झुलाया, लड्डू, चना और मूंगफली के पैकेट वितरित कर उनका उत्साह बढ़ाया।
लाड़ली लक्ष्मी और मातृ वंदना योजना के हितलाभ वितरित
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने लाड़ली लक्ष्मी योजना के तहत बालिकाओं को आश्वासन प्रमाण-पत्र तथा प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की पात्र महिलाओं को हितलाभ प्रदान किए। उन्होंने बालिकाओं के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं भी दीं।
भगवान जगन्नाथ का उज्जैन से बताया प्राचीन संबंध

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भगवान जगन्नाथ का उज्जैन से हजारों वर्षों पुराना संबंध है। उन्होंने बताया कि उज्जैन के राजा इंद्रसेन ने वर्तमान ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर में भगवान जगन्नाथ का भव्य मंदिर बनवाया था। उन्होंने कहा कि पूर्व निर्धारित दिल्ली प्रवास के कारण वे इस वर्ष उज्जैन की जगन्नाथ रथ यात्रा में शामिल नहीं हो पाएंगे।
‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत किया पौधरोपण
मुख्यमंत्री ने आंगनवाड़ी परिसर में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत आम, पीपल, बरगद, नीम, सुरजना और जामफल के पौधे लगाए। उन्होंने प्रदेशवासियों से पर्यावरण संरक्षण के लिए कम से कम एक पौधा लगाने की अपील की।

कर्मचारियों की पदोन्नति पर कही बड़ी बात
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार शासकीय कर्मचारियों को लगातार पदोन्नति का लाभ दे रही है। उन्होंने इसे कर्मचारियों के अधिकारों की पूर्ति की दिशा में बड़ा कदम बताते हुए कहा कि सरकार कर्मचारियों के बेहतर जीवन और कार्यक्षमता दोनों का ध्यान रख रही है।
कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री गौतम टेटवाल, महापौर मुकेश टटवाल, विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा, उज्जैन विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष रवि सोलंकी, कलेक्टर रौशन कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा सहित महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, सहायिकाएं और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।





