भोपाल में ऑनलाइन शराब तस्करी का भंडाफोड़: 552 लीटर विदेशी शराब जब्त, पति-पत्नी समेत 4 आरोपी गिरफ्तार

0
3

drnewsindia.com

भोपाल। राजधानी भोपाल में आबकारी विभाग ने ऑनलाइन विदेशी शराब तस्करी के बड़े नेटवर्क का खुलासा करते हुए 552 बल्क लीटर विदेशी शराब जब्त की है। कार्रवाई में पति-पत्नी समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया। आरोपियों के कब्जे से चार कारें, जिनमें एक थार भी शामिल है, जब्त की गई हैं।

वॉट्सएप से लिया जाता था ऑर्डर, घर-घर पहुंचती थी शराब

आबकारी विभाग के अनुसार आरोपी वॉट्सएप के जरिए ऑनलाइन ऑर्डर लेकर विदेशी शराब की होम डिलीवरी करते थे। शराब बाजार कीमत से 40 से 50 प्रतिशत कम दाम पर बेची जाती थी। शुरुआती पूछताछ में आरोपियों ने प्रतिदिन 2 से 5 लाख रुपए तक की शराब बिक्री होने की जानकारी दी है।

आगरा-ग्वालियर से आती थी शराब

जांच में सामने आया कि विदेशी शराब आगरा और ग्वालियर से भोपाल लाई जाती थी। इसके बाद राजधानी के पॉश इलाकों जैसे अरेरा कॉलोनी, चार इमली सहित विभिन्न बड़ी पार्टियों में सप्लाई की जाती थी। बीच के शहरों में भी शराब की खेप भेजी जाती थी।

ग्राहक बनकर की कार्रवाई

सहायक आबकारी आयुक्त वीरेंद्र सिंह धाकड़ ने बताया कि विभाग की टीम ने ग्राहक बनकर वॉट्सएप पर करीब 2 लाख रुपए की शराब का ऑर्डर दिया। मुख्य आरोपी राहुल यादव जब लालघाटी स्थित पंचवटी कॉलोनी में डिलीवरी देने पहुंचा तो उसे पकड़ लिया गया। पूछताछ के बाद विकासकुंज, त्रिलंगा स्थित उसके घर पर छापा मारकर 415 बल्क लीटर विदेशी शराब बरामद की गई।

पति-पत्नी समेत चार आरोपी गिरफ्तार

कार्रवाई में मुख्य आरोपी राहुल यादव, उसकी पत्नी प्रीति यादव, बरखेड़ी निवासी अनिल शाक्य और चंचल साहू को गिरफ्तार किया गया। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।

आर्मी कैंटीन की शराब भी बरामद

छापेमारी के दौरान आरोपियों के पास से आर्मी कैंटीन की सप्लाई वाली शराब भी मिली है। कई शराब की बोतलों पर राज्यों की वैध लेबलिंग नहीं पाई गई। आबकारी विभाग अब यह जांच कर रहा है कि भोपाल में इस गिरोह का नेटवर्क कितना बड़ा था और किन लोगों तथा पार्टियों तक अवैध शराब पहुंचाई जा रही थी।

पहले भी पकड़ा जा चुका है मुख्य आरोपी

आबकारी अधिकारियों के मुताबिक मुख्य आरोपी राहुल यादव पहले भी अवैध शराब तस्करी के मामले में गिरफ्तार हो चुका है। उस समय उसके कब्जे से करीब 20 लाख रुपए की अवैध शराब जब्त की गई थी।

मामले की जांच जारी है और विभाग गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here