सीहोर। कुबेरेश्वरधाम में 24 जुलाई से शुरू होने वाली शिव महापुराण कथा और 29 जुलाई को गुरु पूर्णिमा के अवसर पर लाखों श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए पुलिस-प्रशासन ने विशेष यातायात व्यवस्था लागू की है। 23 जुलाई से 30 जुलाई तक शहर में रूट डायवर्जन प्रभावी रहेगा और कई मार्गों पर यातायात प्रतिबंधित रहेगा।
रेलवे स्टेशन से कुबेरेश्वरधाम के लिए बदला गया रूट
यातायात पुलिस के अनुसार रेलवे स्टेशन से कुबेरेश्वरधाम जाने वाले सभी ऑटो, वैन और अन्य छोटे वाहनों को अब शुगर मिल चौराहा – गणेश मंदिर – मंत्री पेट्रोल पंप मार्ग से होकर धाम तक पहुंचाया जाएगा। यह व्यवस्था 23 जुलाई से 30 जुलाई तक लागू रहेगी।

अंदरूनी बाजार में श्रद्धालुओं के वाहनों की एंट्री बंद
शहर में जाम की स्थिति से बचने के लिए लिसा टॉकीज चौराहा से नदी चौराहा तक के अंदरूनी बाजार मार्ग पर श्रद्धालुओं के वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद कर दी गई है। सभी वाहनों को निर्धारित डायवर्जन मार्ग का ही उपयोग करना होगा।
जगदीश फ्यूल पंप से मिलेगी धाम में एंट्री
भोपाल और आष्टा की ओर से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए जगदीश फ्यूल पंप के पास से प्रवेश मार्ग निर्धारित किया गया है। सभी वाहनों को इसी मार्ग से कुबेरेश्वरधाम में प्रवेश दिया जाएगा।

12 एकड़ में दो बड़ी पार्किंग की व्यवस्था
श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए दो बड़े पार्किंग जोन बनाए गए हैं।
- पहली पार्किंग: 7 एकड़ क्षेत्र में धर्मशाला परिसर
- दूसरी पार्किंग: 5 एकड़ क्षेत्र, पहली पार्किंग भरने के बाद वाहनों को यहां भेजा जाएगा।
बारिश से बचाव के लिए विशाल वाटरप्रूफ डोम
मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के सुगम दर्शन के लिए बैरिकेडिंग और कतारबद्ध प्रवेश व्यवस्था की गई है। वहीं, कथा सुनने आने वाले श्रद्धालुओं को बारिश से बचाने के लिए विशाल वाटरप्रूफ डोम तैयार किया गया है।

दो प्रमुख मार्ग रहेंगे बंद
निर्माण कार्य के चलते दो महत्वपूर्ण मार्गों पर आवाजाही पूरी तरह बंद रहेगी—
- बकरी पुल (इंदौर नाका से रेलवे स्टेशन मार्ग) बंद रहेगा।
- मनकामेश्वर मंदिर मार्ग पर निर्माण कार्य जारी रहने के कारण यातायात प्रतिबंधित रहेगा।
यातायात प्रभारी ने की सहयोग की अपील
यातायात प्रभारी ब्रजमोहन धाकड़ ने बताया कि बकरी पुल और मनकामेश्वर मार्ग बंद होने के कारण रेलवे स्टेशन से कुबेरेश्वरधाम जाने वाले सभी वाहनों को शुगर मिल चौराहा, गणेश मंदिर और मंत्री पेट्रोल पंप मार्ग से भेजा जाएगा। उन्होंने श्रद्धालुओं से निर्धारित रूट और पार्किंग व्यवस्था का पालन करने की अपील की है।





