सीहोर जिले में अघोषित बिजली कटौती पर बढ़ा विरोध: कांग्रेस का ज्ञापन, आष्टा-इछावर-अहमदपुर में प्रदर्शन, आंदोलन की चेतावनी

0
5

drnewsindia.com

सीहोर। जिले में लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती को लेकर विरोध तेज होता जा रहा है। एक ओर जिला कांग्रेस कमेटी ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर बिजली संकट समेत तीन प्रमुख जनसमस्याओं के समाधान की मांग की है, वहीं आष्टा, इछावर और अहमदपुर क्षेत्र में भी लोगों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। कई स्थानों पर प्रदर्शन, घेराव और आंदोलन की चेतावनी दी गई है।

कांग्रेस ने उठाए तीन बड़े जनहित के मुद्दे

जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजीव गुजराती के नेतृत्व में मंगलवार को प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो पार्टी आम जनता के साथ बड़ा जनआंदोलन करेगी।

ज्ञापन में प्रमुख मांगें शामिल हैं—

  • जिले में हो रही अघोषित बिजली कटौती पर तत्काल रोक लगाई जाए।
  • सीहोर के गांधी पार्क में बन रहे सुलभ कॉम्प्लेक्स का निर्माण रोककर इसे किसी अन्य उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित किया जाए।
  • कई महीनों से लंबित वृद्धावस्था पेंशन का शीघ्र भुगतान किया जाए।

राजीव गुजराती ने कहा कि बिजली, पेंशन और गांधी पार्क से जुड़े मुद्दे सीधे आम जनता, किसानों, विद्यार्थियों और बुजुर्गों से जुड़े हैं। यदि प्रशासन ने कार्रवाई नहीं की तो कांग्रेस लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करेगी।

आष्टा में भी बिजली कटौती को लेकर बढ़ा असंतोष

आष्टा क्षेत्र में भी लगातार अघोषित बिजली कटौती और बार-बार ट्रिपिंग से लोगों में नाराजगी बढ़ रही है। ग्रामीणों और उपभोक्ताओं का कहना है कि बिना पूर्व सूचना घंटों बिजली बंद रहने से घरेलू कार्य, व्यापार, विद्यार्थियों की पढ़ाई और किसानों के कृषि कार्य प्रभावित हो रहे हैं। लोगों ने बिजली विभाग से नियमित और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है।

इछावर में बिजली वितरण केंद्र का घेराव

इछावर क्षेत्र के आर्या, दीवड़िया सहित आसपास के कई गांवों के ग्रामीणों ने दीवड़िया विद्युत वितरण केंद्र का घेराव कर बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी की।

ग्रामीणों के अनुसार सोमवार शाम 6:45 बजे पहली बार बिजली बंद हुई। इसके बाद रात 9:15 बजे, 11:30 बजे और मंगलवार सुबह 5 बजे फिर बिजली काटी गई। दिनभर भी कई बार ट्रिपिंग होती रही।

ग्रामीणों का आरोप है कि लोड शेडिंग के नाम पर रातभर एक से डेढ़ घंटे के अंतराल में बिजली बंद और चालू की जा रही है, जिससे हजारों उपभोक्ता परेशान हैं।

अहमदपुर में 24 घंटे बिजली के दावों पर सवाल

अहमदपुर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में भी पिछले कई दिनों से रात के समय लगातार बिजली कटौती और ट्रिपिंग की शिकायतें सामने आ रही हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि 24 घंटे बिजली आपूर्ति के दावों के बावजूद रातभर कई बार बिजली बंद हो जाती है। इससे छोटे बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ रही है।

इलेक्ट्रॉनिक उपकरण खराब होने का खतरा

बार-बार ट्रिपिंग के कारण टीवी, फ्रिज, कूलर और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण खराब होने का खतरा बढ़ गया है। वहीं बिजली कटौती से उमस और मच्छरों की समस्या भी बढ़ रही है, जिससे लोगों की नींद और बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।

किसानों ने भी जताई नाराजगी

ग्रामीणों का आरोप है कि कृषि कार्यों के लिए भी पर्याप्त बिजली उपलब्ध नहीं कराई जा रही है। उनका कहना है कि ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार लोड शेडिंग की जा रही है, जिससे सिंचाई कार्य प्रभावित हो रहे हैं। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो तहसील और जिला स्तर पर बड़ा आंदोलन किया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here