भोपाल/दतिया | दतिया विधानसभा सीट के उपचुनाव के लिए गुरुवार, 30 जुलाई को मतदान होगा। मतदान को लेकर जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। बुधवार सुबह शासकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज से मतदान दलों की रवानगी शुरू हुई और करीब डेढ़ घंटे के भीतर जिले के सभी 291 मतदान केंद्रों के लिए पोलिंग पार्टियां रवाना कर दी गईं।
निर्वाचन प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए मतदान केंद्रों पर सीआरपीएफ सहित सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। मतदान से पहले जिले में सुरक्षा बलों ने फ्लैग मार्च भी निकाला, ताकि मतदाता निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।
हेमंत खंडेलवाल ने मतदाताओं से की मतदान की अपील
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने दतिया विधानसभा क्षेत्र के मतदाताओं से अधिक से अधिक संख्या में मतदान करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि मतदाता बिना किसी भय या दबाव के मतदान करें और दतिया के विकास के लिए अपने मताधिकार का उपयोग करें।

कांग्रेस ने चुनाव आयोग से की शिकायत
वहीं, प्रदेश कांग्रेस ने दतिया के कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक (एसपी) के खिलाफ चुनाव आयोग में शिकायत दर्ज कराई है। कांग्रेस का आरोप है कि पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं की शिकायतों पर प्रशासन कार्रवाई नहीं कर रहा तथा चुनाव आयोग के निर्देशों का भी पालन नहीं किया जा रहा है। कांग्रेस ने आयोग से हस्तक्षेप कर निष्पक्ष एवं पारदर्शी मतदान सुनिश्चित कराने की मांग की है।
दतिया विधानसभा उपचुनाव में भाजपा, कांग्रेस और आजाद समाज पार्टी के बीच सीधा मुकाबला माना जा रहा है। अब सभी की निगाहें मतदान प्रतिशत और चुनाव परिणाम पर टिकी हैं।





