drnewsindia.com
एंटरटेनमेंट डेस्क | निर्देशक नितेश तिवारी की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायण’ का पहला ट्रेलर गुरुवार सुबह ब्रह्म मुहूर्त (4:15 बजे) रिलीज कर दिया गया। मेकर्स ने ट्रेलर को हिंदी, तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम सहित कई भाषाओं में एक साथ लॉन्च किया। ट्रेलर सामने आते ही सोशल मीडिया पर इसकी जबरदस्त चर्चा शुरू हो गई।
ट्रेलर में रणबीर कपूर भगवान राम के शांत, तेजस्वी और मर्यादा पुरुषोत्तम स्वरूप में प्रभावशाली नजर आए हैं। वहीं साई पल्लवी माता सीता के रूप में सादगी और गरिमा से भरपूर दिखाई दीं। रवि दुबे लक्ष्मण के किरदार में समर्पित और दमदार नजर आए, जबकि यश का रावण अवतार सबसे ज्यादा चर्चा का विषय बना हुआ है। इसके अलावा अरुण गोविल राजा दशरथ, लारा दत्ता कैकेयी और रकुल प्रीत सिंह शूर्पणखा के किरदार में दिखाई देंगी।
सोशल मीडिया पर मिली-जुली प्रतिक्रिया
ट्रेलर रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर दर्शकों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आईं। कई लोगों ने इसे “सिर्फ फिल्म नहीं, एक भावना” बताया। यश के रावण और साई पल्लवी की सीता की जमकर तारीफ हुई। हालांकि कुछ यूजर्स ने हिंदी डायलॉग्स, कुछ किरदारों के एक्सप्रेशन और ट्रेलर में विजुअल्स पर ज्यादा फोकस को लेकर सवाल भी उठाए।

दिवाली 2026 में रिलीज होगा पहला पार्ट
फिल्म को दो भागों में बनाया जा रहा है। पहला भाग दिवाली 2026 और दूसरा भाग दिवाली 2027 में सिनेमाघरों में रिलीज होगा। फिल्म में सनी देओल हनुमान की भूमिका निभा रहे हैं, जबकि विवेक ओबेरॉय और कुणाल कपूर भी अहम किरदारों में नजर आएंगे।
ए.आर. रहमान और हैंस जिमर का संगीत
फिल्म का बैकग्राउंड स्कोर और संगीत ए.आर. रहमान और हॉलीवुड के ऑस्कर विजेता संगीतकार हैंस जिमर पहली बार मिलकर तैयार कर रहे हैं। वहीं विजुअल इफेक्ट्स (VFX) की जिम्मेदारी ऑस्कर विजेता स्टूडियो DNEG के पास है।
4000 करोड़ के बजट की मेगा फिल्म
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, दो भागों में बनने वाली ‘रामायण’ का कुल बजट करीब 4000 करोड़ रुपये बताया जा रहा है, जिससे यह भारतीय सिनेमा की सबसे महंगी फिल्मों में शामिल हो गई है। फिल्म का निर्माण नमित मल्होत्रा के प्राइम फोकस स्टूडियोज और यश की मॉन्स्टर माइंड क्रिएशंस के बैनर तले किया जा रहा है।

फिल्म से जुड़ी बड़ी बातें
- ट्रेलर ब्रह्म मुहूर्त में सुबह 4:15 बजे रिलीज किया गया।
- रणबीर कपूर भगवान राम और यश रावण की भूमिका में हैं।
- साई पल्लवी सीता, सनी देओल हनुमान और रवि दुबे लक्ष्मण का किरदार निभा रहे हैं।
- अरुण गोविल इस बार राजा दशरथ के रोल में नजर आएंगे।
- ए.आर. रहमान और हैंस जिमर ने मिलकर फिल्म का संगीत तैयार किया है।
- पहला पार्ट दिवाली 2026 और दूसरा दिवाली 2027 में रिलीज होगा।
- करीब 4000 करोड़ रुपये के बजट के साथ यह भारतीय सिनेमा की सबसे बड़ी फिल्मों में गिनी जा रही है।




