drnewwsindia.com
नर्मदापुरम। मध्यप्रदेश के नर्मदापुरम जिले में सरकारी मूंग के भंडारण में करोड़ों रुपये की बड़ी अनियमितता सामने आई है। जांच में कई बोरियों में मूंग की जगह मिट्टी और अन्य बाहरी पदार्थ भरे मिले। मामले में शासन को करीब 28.14 करोड़ रुपये के नुकसान का अनुमान है। पुलिस ने मप्र वेयरहाउस कॉर्पोरेशन के जिला प्रबंधक वासुदेव डवडे, वेयरहाउस संचालक तारेश पुरोहित और तत्कालीन शाखा प्रबंधक श्याम होसले के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जांच में खुला बड़ा घोटाला
कलेक्टर सोमेश मिश्रा के निर्देश पर 22 जुलाई को गठित जांच दल ने माखननगर स्थित कनकधारा वेयरहाउस का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान सरकारी मूंग की 23 स्टैक में भारी गड़बड़ी मिली। कई बोरियों में निर्धारित सीमा से अधिक मिट्टी और अन्य बाहरी पदार्थ पाए गए, जबकि कुछ बोरियां पूरी तरह मिट्टी से भरी मिलीं। इसके बाद वेयरहाउस को सील कर नमूने लैब जांच के लिए भेज दिए गए।

31 हजार क्विंटल से अधिक मूंग प्रभावित
जांच रिपोर्ट के अनुसार वर्ष 2023-24 और 2024-25 के दौरान मार्कफेड और नाफेड की 31,298.89 क्विंटल सरकारी मूंग प्रभावित हुई है। प्रारंभिक आकलन में शासन को करीब 28.14 करोड़ रुपये की आर्थिक क्षति का अनुमान लगाया गया है।
पहले भी ब्लैकलिस्ट हो चुका था वेयरहाउस
सबसे गंभीर बात यह है कि जिस कनकधारा वेयरहाउस में यह गड़बड़ी मिली, उसे करीब एक वर्ष पहले भी अनियमितताओं के चलते ब्लैकलिस्ट किया गया था। उस समय हुई जांच में भी जिला प्रबंधक वासुदेव डवडे शामिल थे। इसके बावजूद दोबारा इतनी बड़ी लापरवाही सामने आने से निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।

तीन आरोपियों पर दर्ज हुई FIR
जिला विपणन अधिकारी अनिल जैन की शिकायत पर माखननगर थाने में वेयरहाउस संचालक तारेश पुरोहित, तत्कालीन शाखा प्रबंधक श्याम होसले और जिला प्रबंधक वासुदेव डवडे के खिलाफ सरकारी संपत्ति के दुरुपयोग और लापरवाही के आरोप में एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
अन्य वेयरहाउसों की भी होगी जांच
एसडीएम देवेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि किसानों और सरकारी खरीदी से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिले के अन्य वेयरहाउसों की भी चरणबद्ध तरीके से जांच कराई जाएगी।
बताया गया है कि आरोपी वेयरहाउस संचालक तारेश पुरोहित फिलहाल एक निजी हार्ट केयर अस्पताल में भर्ती हैं। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।





