ट्रेन में झाड़ू लगाता था, नजर बचते ही उड़ाता था लाखों का सामान; 3 लाख का मंगलसूत्र लेकर बाथरूम में फेंक देता था पर्स

0
4

drnewsindia.com

भोपाल। ट्रेनों में झाड़ू लगाकर यात्रियों की नजर में भरोसा जीतने वाला एक युवक चोरी की वारदातों को बड़ी सफाई से अंजाम देता था। वह पहले यात्रियों की गतिविधियों पर नजर रखता, मौका मिलते ही पर्स उठा लेता, उसमें से कीमती सामान निकालता और खाली पर्स ट्रेन के बाथरूम में फेंक देता था। जीआरपी भोपाल ने ऐसे ही एक शातिर चोर को गिरफ्तार कर करीब 3 लाख रुपये कीमत का दो तोला सोने का मंगलसूत्र बरामद किया है।

जीआरपी थाना प्रभारी जहीर खान ने बताया कि 20 जुलाई 2026 को रायपुर निवासी चित्ररेखा अपने पति के साथ 18238 छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस के ए-1 कोच में रायपुर से निजामुद्दीन जा रही थीं। भोपाल स्टेशन पहुंचने से पहले सीट पर रखा उनका लेडीज पर्स अचानक गायब हो गया। कुछ देर बाद पर्स ट्रेन के बाथरूम में मिला, लेकिन उसमें रखा करीब तीन लाख रुपये कीमत का सोने का मंगलसूत्र चोरी हो चुका था। पीड़िता ने निजामुद्दीन स्टेशन पर शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद जांच जीआरपी भोपाल को सौंपी गई।

सीसीटीवी फुटेज से खुला राज

पुलिस ने ट्रेन और भोपाल स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिनमें एक संदिग्ध युवक स्टेशन पर उतरता दिखाई दिया। जांच के बाद मुस्कान कॉलोनी, अयोध्या बायपास निवासी संतोष (22) को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पहले तो उसने बचने की कोशिश की, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर चोरी की वारदात कबूल कर ली। उसकी निशानदेही पर चोरी गया मंगलसूत्र बरामद कर लिया गया।

एक पैर गंवाने के बाद भी नहीं छोड़ा अपराध का रास्ता

पुलिस के मुताबिक आरोपी पहले एक ट्रेन हादसे में अपना एक पैर गंवा चुका है। इसके बावजूद उसने अपराध का रास्ता नहीं छोड़ा। उसके खिलाफ हनुमानगंज थाना और जीआरपी भोपाल में चोरी के कई मामले पहले से दर्ज हैं और वह पहले भी जेल जा चुका है।

ऐसे बनाता था यात्रियों को निशाना

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह ट्रेनों में झाड़ू लगाने के बहाने पूरे कोच पर नजर रखता था। जैसे ही कोई यात्री अपना पर्स या बैग सीट पर छोड़कर दूसरी ओर जाता या लापरवाही बरतता, वह तुरंत पर्स उठाकर उसमें से नकदी और गहने निकाल लेता था। पहचान छिपाने के लिए खाली पर्स ट्रेन के शौचालय में फेंक देता था। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here