
drnewsindia.com सीहोर।श्यामपुर / जिले में रविवार आधी रात से शुरू हुई तेज बारिश ने श्यामपुर और दोराहा तहसील क्षेत्र में हालात बिगाड़ दिए। लगातार मूसलाधार बारिश के चलते नदी-नाले उफान पर आ गए। दर्जनों गांवों में जलभराव हो गया और कई मकानों में पानी घुस गया। कई प्रमुख मार्गों पर पानी आने से घंटों आवागमन बाधित रहा। वहीं बिजली आपूर्ति भी प्रभावित हुई।
श्यामपुर में सबसे ज्यादा बारिश
भू-अभिलेख विभाग के 10 अगस्त को जारी आंकड़ों के अनुसार, पिछले 24 घंटे में सीहोर जिले में औसतन 3.96 इंच बारिश दर्ज की गई। श्यामपुर तहसील में सबसे अधिक 8.27 इंच बारिश हुई। जिला मुख्यालय सीहोर में 6.69 इंच, रेहटी में 4.67, बुधनी में 4.09, भैरूंदा में 3.23, इच्छावर में 3.03, आष्टा में 1.38 और जावर में 0.35 इंच बारिश रिकॉर्ड की गई।
कई गांवों में घरों में घुसा पानी
तेज बारिश से श्यामपुर, झरखेड़ा, छतरी, चरनाल, अहमदपुर, सौंठी, हथियाखेड़ा, वनखेड़ा, हसनपुर तिनोनिया, निवारिया, बिछिया, काकूखेड़ी, हिनौती, सतोरनिया, छापरी, सेमरा दांगी, सिराड़ी, पान बिहार और घाट पलासी सहित कई गांव प्रभावित हुए।
श्यामपुर, चरनाल, झरखेड़ा और छतरी में कई मकानों में पानी भर गया। छापरी-दोराहा और वनखेड़ा में दो कच्चे मकानों के गिरने की सूचना है। कई दुकानों और घरों में पानी भरने से सामान खराब होने की भी जानकारी सामने आई है।
नदी-नाले उफने, कई रास्ते बंद
बारिश के कारण सीवन नदी चद्दर पुल के ऊपर से बहने लगी। सीटू नाले का पानी भी मछली पुल के ऊपर पहुंच गया। श्यामपुर बस स्टैंड का रास्ता बंद रहा। दोराहा जोड़ से सीहोर मंडी मार्ग, चरनाल-हिंगोनी, श्यामपुर-घाट पलासी, बरखेड़ा हसन-नाईहेड़ी, अहमदपुर-चरनाल, सौंठी-बरखेड़ा देवा और दोराहा-अहमदपुर मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा।
पिकअप और ट्रैक्टर का रेस्क्यू
चरनाल में नाले का पानी अचानक बढ़ने से पिकअप लोडिंग वाहन और ट्रैक्टर पानी के तेज बहाव में फंस गए। ग्रामीणों ने रस्सियों की मदद से दोनों वाहनों को सुरक्षित बाहर निकाला। नाले का पानी गांव के कई मकानों में घुस गया।
झरखेड़ा में पंचायत की सामग्री बही
झरखेड़ा में ग्राम पंचायत की लाखों रुपए की प्लास्टिक पाइपलाइन सामग्री पानी के तेज बहाव में बह गई। पंचायत का टैंकर भी पानी में बहने लगा, जिसे ग्रामीणों ने बचा लिया। गांव के कई मकानों में भी पानी भर गया।
गर्भवती महिला को एनडीआरएफ ने बचाया
सोमवार सुबह एनडीआरएफ दल ने जमुनी गांव में फंसी एक गर्भवती महिला का रेस्क्यू किया और उसे सुरक्षित अस्पताल पहुंचाया। वहीं छतरी और बैरागढ़ छतरी क्षेत्र में किसानों की फसलें पानी के तेज बहाव में बहने की सूचना है।
बिजली व्यवस्था भी प्रभावित
लगातार बारिश के कारण विद्युत वितरण कंपनी का जोन-2 कार्यालय और 33 केवी सब स्टेशन परिसर भी जलमग्न हो गया। स्टेशन रोड स्थित मां मनसा देवी मंदिर में भी पानी भर गया। प्रशासन और राहत दल लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
मौसम विभाग ने सीहोर जिले में अगले 48 घंटे के दौरान भी भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने तथा आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की है।



