शाहगंज में जन-विश्वास अभियान का शिविर: शिवराज सिंह चौहान ने सुनीं नागरिकों की समस्याएं, 68 आवेदन मिले

0
2

drnewsindia.com / सीहोर, 21 अगस्त। मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत शुक्रवार को शाहगंज में जिला स्तरीय भ्रमण कार्यक्रम और शिविर आयोजित किया गया। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ नागरिकों से संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनीं। शिविर में प्राप्त अधिकांश मामलों का मौके पर ही निराकरण किया गया, जबकि शेष आवेदनों के त्वरित निराकरण के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए गए।

कार्यक्रम में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में चलाया जा रहा मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान शासन और जनता के बीच विश्वास मजबूत करने की पहल है। उन्होंने कहा कि मंत्री, जनप्रतिनिधि और अधिकारी सीधे जनता के बीच पहुंचकर उनकी समस्याएं सुन रहे हैं और समाधान कर रहे हैं।

योजनाओं का लाभ लेना नागरिकों का अधिकार

शिवराज सिंह चौहान ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पात्र नागरिकों को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने कहा कि योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों का अधिकार है और उनकी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित समाधान किया जाना चाहिए।

इस दौरान विभिन्न शासकीय योजनाओं के हितग्राहियों को स्वीकृति पत्र भी वितरित किए गए। बुधनी विधायक रमाकांत भार्गव ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया।

हितग्राहियों से वन-टू-वन चर्चा

केंद्रीय कृषि मंत्री ने शिविर में विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों से सीधे बातचीत की। उन्होंने पूछा कि योजनाओं का लाभ लेने में उन्हें किसी तरह की परेशानी तो नहीं हुई।

शारदा अहिरवार ने बताया कि उन्होंने पीएम मुद्रा योजना के तहत पहले 10 हजार रुपए का ऋण लिया था। अब 25 हजार रुपए का ऋण लेकर अपना व्यवसाय स्थापित किया है। वहीं चंद्रप्रकाश ने बताया कि उद्यम क्रांति योजना के तहत उनका ऋण स्वीकृत हो चुका है।

जितेंद्र और भागीरथ ने बताया कि उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ मिला है। आवास की सभी किश्तें मिलने के बाद उनका पक्का मकान भी तैयार हो चुका है। हितग्राहियों से जानकारी लेने के बाद चौहान ने उन्हें शुभकामनाएं दीं।

विभागों ने लगाए स्टॉल, 68 आवेदन मिले

शिविर में विभिन्न विभागों की ओर से स्टॉल लगाए गए। इन स्टॉल के माध्यम से नागरिकों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र हितग्राहियों को लाभ दिलाने की प्रक्रिया की गई।

चौहान ने अधिकारियों को सीएम हेल्पलाइन, जनसुनवाई और लोक सेवा गारंटी अधिनियम से जुड़े लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। शाहगंज शिविर में कुल 68 आवेदन प्राप्त हुए।

ये रहे मौजूद

कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष नरेश मेवाड़ा, राज्य जनजातीय वित्त विकास निगम अध्यक्ष निर्मला बारेला, राज्य पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक वित्त विकास निगम अध्यक्ष रवि मालवीय, शाहगंज नगर परिषद अध्यक्ष सोनम भार्गव, पूर्व सिलाई कला बोर्ड अध्यक्ष मनोहर लाल महेश्वरी, बुधनी जनपद अध्यक्ष महेंद्र शर्मा, सलकनपुर ट्रस्ट अध्यक्ष महेश उपाध्याय, एसपी सोनाक्षी सक्सेना, डीएफओ अर्चना पटेल, एसडीएम संजीव कुमार नागू, नगर परिषद सीएमओ रामानुज मिश्रा, जनपद सीईओ सुप्रिया दुफरे सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here