सोना ₹1.61 लाख और चांदी ₹2.47 लाख पर पहुंची: एक हफ्ते में सोने के दाम ₹8,257 बढ़े, दिसंबर तक ₹1.70 लाख तक पहुंचने का अनुमान

0
2

drnewsindia.com / नई दिल्ली। सोने और चांदी की कीमतों में इस हफ्ते तेजी देखने को मिली। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के मुताबिक, 10 ग्राम 24 कैरेट सोने का भाव ₹8,257 बढ़कर ₹1.61 लाख पहुंच गया। पिछले सप्ताह 14 अगस्त को सोना ₹1.52 लाख प्रति 10 ग्राम था।

इसी तरह चांदी की कीमत भी बढ़ी है। चांदी ₹2.34 लाख से बढ़कर ₹2.47 लाख प्रति किलो हो गई। यानी एक सप्ताह में इसके भाव में करीब ₹12,788 की तेजी आई।

2026 में सोना ₹28 हजार महंगा

साल 2026 में सोने की कीमत में अब तक करीब ₹28 हजार की बढ़ोतरी हो चुकी है। 31 दिसंबर 2025 को 10 ग्राम सोने का भाव ₹1.33 लाख था, जो अब बढ़कर ₹1.61 लाख हो गया है।

चांदी भी साल की शुरुआत के मुकाबले महंगी हुई है। 31 दिसंबर 2025 को चांदी ₹2.30 लाख प्रति किलो थी, जो अब ₹2.47 लाख पर पहुंच चुकी है।

इस साल 29 जनवरी को सोने ने ₹1.76 लाख प्रति 10 ग्राम, जबकि चांदी ने ₹3.86 लाख प्रति किलो का ऑलटाइम हाई बनाया था।

दिसंबर तक सोना ₹1.70 लाख और चांदी ₹3 लाख तक पहुंचने का अनुमान

कोटक सिक्युरिटीज के सीनियर वीपी और कमोडिटी रिसर्च हेड अनिंद्य बनर्जी के मुताबिक, सोने को आम निवेशकों के साथ दुनिया के केंद्रीय बैंकों से भी सपोर्ट मिल रहा है। केंद्रीय बैंक लगातार अपने भंडार में सोना बढ़ा रहे हैं।

उनके अनुसार, वैश्विक परिस्थितियां चुनौतीपूर्ण रहने पर सोने में तेजी जारी रह सकती है। वहीं, हालात में सुधार होने पर चांदी में भी तेजी देखने को मिल सकती है। मौजूदा परिस्थितियों के आधार पर दिसंबर तक सोने का भाव ₹1.70 लाख प्रति 10 ग्राम और चांदी ₹3 लाख प्रति किलो तक पहुंचने का अनुमान है।

ज्वेलरी खरीदते समय इन 3 बातों का रखें ध्यान

1. BIS हॉलमार्क वाला सोना खरीदें
सोना खरीदते समय BIS हॉलमार्क जरूर देखें। हॉलमार्क से सोने की शुद्धता की जानकारी मिलती है। ज्वेलरी पर दिए गए हॉलमार्क और संबंधित पहचान संख्या को भी जांचें।

2. बाजार भाव जरूर क्रॉस चेक करें
खरीदारी से पहले उस दिन का सोने का भाव अलग-अलग विश्वसनीय स्रोतों से जांच लें। 24, 22 और 18 कैरेट सोने की कीमत अलग-अलग होती है।

3. मेकिंग चार्ज की जानकारी लें
ज्वेलरी की कीमत में मेकिंग चार्ज भी शामिल होता है। यह शुल्क हर ज्वेलर के यहां अलग हो सकता है। खरीदारी से पहले मेकिंग चार्ज और लेबर कॉस्ट का पूरा ब्रेकअप मांगें और संभव हो तो इसकी तुलना दूसरे ज्वेलर्स से करें।

चांदी खरीदते समय पहचान के घरेलू टेस्ट पर निर्भर न रहें

चांदी की शुद्धता जांचने के लिए मैग्नेट, आइस या कपड़े से रगड़ने जैसे घरेलू टेस्ट किए जाते हैं, लेकिन ये पक्की शुद्धता की गारंटी नहीं देते। बेहतर है कि चांदी की वस्तु पर BIS हॉलमार्क और शुद्धता की मार्किंग देखें तथा जरूरत पड़ने पर प्रमाणित जांच करवाएं।

नोट: सोने-चांदी के भाव रोज बदल सकते हैं। ज्वेलरी खरीदते समय स्थानीय टैक्स, मेकिंग चार्ज और अन्य शुल्क के कारण अंतिम कीमत IBJA के भाव से अलग हो सकती है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here