नेपाल में लापता विदिशा की इंजीनियर स्वाति बागरेचा की तलाश तेज़: परिजनों से मिले केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, विदेश मंत्रालय से साधा संपर्क

0
2

drnewsindia.com / विदिशा। नेपाल में भीषण बाढ़ और भूस्खलन के बीच लापता हुईं विदिशा की स्वाति बागरेचा की खोजबीन के प्रयास अब केंद्रीय स्तर पर शुरू हो गए हैं। शनिवार देर रात केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान स्वाति के पिता डॉ. के. सी. बागरेचा के निवास पर पहुंचे और दुखी परिवार को हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।

कनाडा के टोरंटो में कार्यरत इंजीनियर स्वाति बागरेचा कैलाश मानसरोवर की यात्रा पर गई थीं। चीन-तिब्बत सीमा के पास नेपाल क्षेत्र से 26 अगस्त की सुबह 9 बजे के बाद से उनका परिवार से संपर्क टूट गया था।

विदेश मंत्रालय से तुरंत की बात, शेयर की लोकेशन डिटेल्स

मुलाकात के दौरान केंद्रीय मंत्री ने स्वाति के नेपाल जाने से लेकर उनके लापता होने तक की पूरी जानकारी ली। परिवार ने बताया कि स्वाति का मोबाइल फोन अभी भी चालू है और उस पर कॉल करने पर घंटी (रिंग) जा रही है, लेकिन कोई कॉल रिसीव नहीं कर रहा है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए शिवराज सिंह चौहान ने मौके से ही विदेश मंत्रालय के उच्च अधिकारियों से फोन पर बातचीत की। उन्होंने अधिकारियों को स्वाति का मोबाइल नंबर और लोकेशन डिटेल्स सौंपते हुए नेपाल प्रशासन के सहयोग से तुरंत रेस्क्यू व लोकेशन ट्रैक करने के निर्देश दिए।

उम्मीद और चिंता के बीच झूल रहा परिवार

स्वाति की मां और परिजन लगातार उनके नंबर पर कॉल करने की कोशिश कर रहे हैं। एक तरफ जहां चालू मोबाइल की बजती घंटी परिवार में सुरक्षित होने की उम्मीद जगाती है, वहीं दूसरी तरफ कॉल रिसीव न होना उनकी चिंता को और बढ़ा रहा है।

केंद्रीय मंत्री के हस्तक्षेप और आश्वासन के बाद अब परिवार को उम्मीद जागी है कि कूटनीतिक स्तर पर प्रयास तेज होने से स्वाति का जल्द ही सुरक्षित पता लगा लिया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here