करवाचौथ का व्रत नहीं रखने पर पति ने थाने में दिया आवेदन, पत्नी पर लगाए आरोप

0
13

शिवपुरी। मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के बदरवास थाना क्षेत्र में करवाचौथ के व्रत को लेकर एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। यहां एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी पर करवाचौथ का व्रत नहीं रखने और चांद की पूजा नहीं करने का आरोप लगाते हुए थाना प्रभारी को आवेदन दिया है। आवेदन में पति ने पत्नी पर बेवफाई करने और उसे मारने की इच्छा रखने जैसे आरोप भी लगाए हैं।

जानकारी के अनुसार, बिजरावन निवासी बारेलाल आदिवासी (30), पुत्र लालू आदिवासी ने बदरवास थाने में दिए आवेदन में बताया कि उसकी पत्नी मिथलेश आदिवासी उसके लिए करवाचौथ का व्रत नहीं रख रही है। उसका कहना है कि उसने पत्नी से चांद देखकर पूजा करने के लिए कहा था, ताकि उसकी उम्र बढ़े, लेकिन पत्नी ने उसकी बात नहीं मानी।

आवेदन में बारेलाल ने पत्नी पर उसके प्रति बेवफाई करने और उसे नुकसान पहुंचाने की मंशा रखने का आरोप लगाया है। उसने यह भी कहा कि यदि इस बार पत्नी ने उसके लिए पूजा नहीं की, तो वह उसे तलाक दे देगा।

पति ने थाना प्रभारी से आवेदन पर कार्रवाई करने की मांग की है। हालांकि, पत्नी की ओर से इन आरोपों पर कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है और पुलिस की कार्रवाई को लेकर भी फिलहाल कोई जानकारी उपलब्ध नहीं है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here