फंदा टोल पर LPG टैंकर के टायरों में लगी आग, कर्मचारियों की सतर्कता से टला बड़ा हादसा

0
5

सीहोर। भोपाल-इंदौर मार्ग स्थित फंदा टोल प्लाजा पर रविवार सुबह एलपीजी से भरे एचपी गैस टैंकर के टायरों में अचानक आग लग गई। टैंकर में बड़ी मात्रा में एलपीजी भरी होने के कारण कुछ देर के लिए टोल प्लाजा पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। हालांकि टोल कर्मचारियों की तत्परता से आग को शुरुआती स्तर पर ही बुझा दिया गया। घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

घटना सुबह करीब 8.30 बजे की बताई जा रही है। एचपी कंपनी का एलपीजी कैप्सूल टैंकर भोपाल-इंदौर मार्ग से गुजरते हुए फंदा टोल प्लाजा पहुंचा था। इसी दौरान टैंकर के पिछले हिस्से के टायरों में आग लग गई। टोल कर्मचारियों ने धुआं और लपटें देखकर तत्काल चालक को वाहन रोकने का संकेत दिया।

अग्निशमन उपकरणों से बुझाई आग

टोल प्लाजा के कंट्रोलर संतोष राजपूत के अनुसार, सूचना मिलते ही पूरे स्टाफ को अलर्ट किया गया। मनोज केवरिया, राहुल वर्मा, नेपाल सिंह वर्मा, अनुज सोनी, बलराम सहित अन्य कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने की कार्रवाई शुरू की।

जांच के बाद टैंकर को किया रवाना

आग बुझने के बाद टैंकर को आगे रवाना करने से पहले उसकी जांच की गई। कर्मचारियों ने गैस टैंक की स्थिति और सुरक्षा की पुष्टि की। इसके बाद टैंकर को गंतव्य के लिए रवाना किया गया।

समय रहते आग पर काबू पाए जाने से एलपीजी टैंक सुरक्षित रहा और किसी तरह की जनहानि नहीं हुई। टोल प्रबंधन ने आपात स्थिति में कर्मचारियों की त्वरित कार्रवाई को महत्वपूर्ण बताया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here