drnewsindia.com / रायसेन। जिले के सिलवानी थाना क्षेत्र के साईंखेड़ा गांव में शुक्रवार देर शाम एक युवक पर हमला करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि ब्लैक स्कॉर्पियो से आए 6-7 युवकों ने रास्ते में घेरकर युवक पर लाठी-डंडों और तलवार से हमला कर दिया।
हमले में घायल युवक अमन राय के सिर में गंभीर चोट आई है। डॉक्टरों ने उसके सिर में 15 टांके लगाए हैं। इसके अलावा दोनों पैरों और शरीर के अन्य हिस्सों में भी चोटें आई हैं।
घटना का CCTV फुटेज शनिवार शाम सामने आया, जिसमें कुछ युवक रास्ते में अमन राय को घेरते हुए दिखाई दे रहे हैं।
भाजपा नेता के अंतिम संस्कार से लौटते समय हुआ हमला
जानकारी के अनुसार, अमन राय भाजपा नेता के अंतिम संस्कार में शामिल होकर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में कुछ युवकों ने उन्हें रोक लिया और मारपीट शुरू कर दी।
अमन ने हमलावरों में से एक युवक को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन मौके पर मौजूद लोगों के बीच-बचाव के बाद आरोपी स्कॉर्पियो से फरार हो गए।
घटना के बाद अमन के साथियों ने उन्हें गंभीर हालत में सिलवानी सिविल अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें भोपाल रेफर कर दिया। वर्तमान में उनका इलाज एक निजी अस्पताल में चल रहा है।

पुरानी रंजिश को लेकर विवाद की बात सामने आई
सिलवानी थाना प्रभारी संजीत परते ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच पुरानी रंजिश को लेकर विवाद हुआ था। घटना के बाद दोनों पक्षों की ओर से शिकायत दर्ज कराई गई है।
पुलिस के अनुसार, आशीष राय की शिकायत पर गौरव तिवारी, दिनेश ठाकुर और छोटू बैरागी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। वहीं, गौरव तिवारी की शिकायत पर आशीष राय और अमन राय के खिलाफ भी प्रकरण दर्ज किया गया है।
CCTV और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर जांच जारी
पुलिस अब घटना के CCTV फुटेज और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।




