अधिकारियों की सुस्ती पर भड़का शिक्षक संगठनों का गुस्सा, अगले सप्ताह देंगे धरना; मांग पूरी नहीं हुई तो हड़ताल की चेतावनी

0
2

drnewsindia.com

सीहोर। जिले में जनशिक्षकों और अकादमिक समन्वयकों की नियुक्ति में हो रही देरी को लेकर शिक्षक संगठनों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। राज्य शिक्षा केंद्र भोपाल के निर्देशों के बावजूद नियुक्ति प्रक्रिया पूरी नहीं होने पर शिक्षक संगठनों ने अब आंदोलन की चेतावनी दी है। संगठनों का कहना है कि यदि जल्द नियुक्तियां नहीं की गईं तो अगले सप्ताह जिलेभर के शिक्षक एक दिवसीय धरना देंगे। इसके बाद भी समाधान नहीं हुआ तो अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू की जाएगी।

राज्य शिक्षा केंद्र भोपाल ने 24 जून को निर्देश जारी कर सत्र 2026-27 के लिए जनशिक्षकों और अकादमिक समन्वयकों की नियुक्ति प्रक्रिया पूरी करने की समय-सीमा तय की थी। निर्देशों के अनुसार 25 जुलाई तक वरिष्ठता सूची तैयार, 5 अगस्त को काउंसलिंग और 20 अगस्त तक पदस्थापना आदेश जारी किए जाने थे। प्रत्येक विकासखंड में पांच अकादमिक समन्वयकों तथा प्रति 10 स्कूलों पर एक जनशिक्षक की नियुक्ति की जानी थी।

25 दिन बाद भी नहीं मिला मार्गदर्शन

शिक्षक संगठनों का आरोप है कि नियुक्ति प्रक्रिया में गंभीर त्रुटियां सामने आने के बाद 4 अगस्त को अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा गया था। उस समय अधिकारियों ने वरिष्ठ कार्यालय से मार्गदर्शन लेने की बात कही थी, लेकिन 25 दिन बीतने के बाद भी इस संबंध में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

6 से 18 साल से एक ही जगह जमे जनशिक्षक

शिक्षक संगठनों ने जिले में लंबे समय से नई पदस्थापना नहीं होने पर भी सवाल उठाए हैं। आरोप है कि कई पुराने जनशिक्षक और अकादमिक समन्वयक 6 से 18 वर्षों से एक ही पद पर बने हुए हैं। संगठनों का कहना है कि नई नियुक्तियां नहीं होने से योग्य शिक्षकों को अवसर नहीं मिल पा रहा है।

इसके अलावा वर्ष 2014 से संबंधित शिक्षकों की क्रमोन्नति, 2021 के लंबित एरियर और वेतनवृद्धि जैसे वित्तीय मामलों के भी लंबे समय से लंबित होने की बात कही गई है।

3 सितंबर के बाद आंदोलन की तैयारी

प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष संजय सक्सेना ने कहा कि अधिकारियों की लेटलतीफी के खिलाफ 3 सितंबर के बाद जिलेभर के शिक्षकों के साथ एक दिवसीय धरना दिया जाएगा। इसके बाद भी नियुक्ति प्रक्रिया पूरी नहीं हुई तो शिक्षक अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने के लिए मजबूर होंगे।

वहीं शिक्षक संगठनों की ओर से कलेक्टर को भी पत्र भेजकर मामले में हस्तक्षेप करने और नियुक्ति प्रक्रिया जल्द पूरी कराने की मांग की गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here