drnewsindia.com
श्यामपुर। मंगलवार को दो दिवसीय पारंपरिक तीज महोत्सव का धूमधाम से समापन हुआ। तीज पर्व को लेकर महिलाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। महिलाओं ने व्रत रखकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और मंगलगीतों की धुन पर जमकर नृत्य किया।
इससे पहले दोपहर में काला जी महाराज स्थान से तीज महोत्सव की शोभायात्रा निकाली गई। इसमें बड़ी संख्या में महिलाएं पारंपरिक परिधानों में सजकर शामिल हुईं। महिलाओं ने सिर पर तीज के प्रतीक स्वरूप कलश और सजी हुई टोकरियां रखीं। शोभायात्रा गांव के प्रमुख मार्गों से होते हुए हनुमान मंदिर पहुंची।

इस दौरान रातभर भजन, मंगलगीत और लोकधुनों से वातावरण भक्तिमय बना रहा। शोभायात्रा में ग्रामीणों और बच्चों ने भी उत्साह के साथ भाग लिया। महिलाओं ने बताया कि तीज पर्व धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक और सांस्कृतिक परंपराओं से भी जुड़ा है। इसके माध्यम से वर्षों पुरानी लोक परंपराओं को आगे बढ़ाया जा रहा है।
समापन अवसर पर परंपरा के अनुसार व्रतधारी महिलाओं ने नदी या तालाब में स्नान कर पूजा-अर्चना की। इसके बाद व्रत पूर्ण कर प्रसाद ग्रहण किया। ग्राम के हरिनारायण उपलावादिया ने बताया कि हनुमान मंदिर सुंदरकांड समिति की ओर से महाप्रसादी का वितरण किया गया। इस आयोजन के साथ दो दिवसीय तीज महोत्सव का विधिवत समापन हुआ।




