घर के अंदर पति-पत्नी और बेटे के शव मिलने से इलाके में सनसनी, तीनों के सिर पर चोट के निशान; एफएसएल और डॉग स्क्वॉड ने शुरू की जांच

0
2

drnewsindia.com

सीहोर। जिले के बुदनी में बुधवार सुबह एक ही परिवार के तीन सदस्यों के शव घर के अंदर मिलने से सनसनी फैल गई। मृतकों की पहचान राकेश मीणा (45), उनकी पत्नी राधा मीणा (40) और बेटे अश्विन (24) के रूप में हुई है। तीनों के सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं। प्रारंभिक परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस ने हत्या की आशंका जताई है। फिलहाल घटना के कारणों और आरोपियों का पता नहीं चल पाया है।

बकरियों की आवाज सुनकर पड़ोसी पहुंचा घर

घटना बुदनी के वार्ड क्रमांक-12 की है। बुधवार सुबह घर में बंधी बकरियों की लगातार आवाज सुनकर एक पड़ोसी वहां पहुंचा। अंदर जाने पर उसे परिवार के तीनों सदस्य मृत अवस्था में मिले। इसके बाद उसने पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। एएसपी प्रशांत चौबे ने घटना की पुष्टि की है। एसडीओपी रवि शर्मा और थाना प्रभारी सुनील ठाकुर ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम, फिंगरप्रिंट विशेषज्ञ और डॉग स्क्वॉड को बुलाया गया।

तीन साल पहले बनाया था अपना मकान

मृतक परिवार मूल रूप से शाजापुर जिले का रहने वाला था। राकेश और उनकी पत्नी पहले ठेकेदार के पास मजदूरी करते थे। बाद में उन्होंने अपना काम शुरू कर दिया था। राकेश मेलों में जूते-चप्पल की दुकान लगाते थे। परिवार ने करीब तीन साल पहले प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बुदनी में मकान बनाया था। करीब एक महीने पहले परिवार का सड़क हादसा भी हुआ था, जिसमें राधा के हाथ और राकेश के पैर में फ्रैक्चर हो गया था।

एसडीओपी रवि शर्मा के अनुसार, तीनों के सिर पर चोट के गंभीर निशान मिले हैं। घटना के समय मृतकों के अन्य परिजन मौके पर नहीं थे। पुलिस उनसे संपर्क करने का प्रयास कर रही है। फिलहाल पुलिस हत्या की आशंका सहित सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। घटना के पीछे की वजह और इसमें शामिल लोगों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here