बगवाड़ा में विद्युत सामग्री के गोदाम में भीषण आग, आधा दर्जन दमकलें मौके पर पहुंचीं

0
2

बुधनी, वर्द्धमान और ट्राइडेंट की दमकलें भी आग पर नहीं पा सकीं काबू, नर्मदापुरम से बुलाई गई फायर ब्रिगेड; लाखों रुपये का नुकसान होने की आशंका

बुधनी। तहसील मुख्यालय बुधनी के समीप ग्राम बगवाड़ा में मंगलवार शाम विद्युत सामग्री से भरे एक निजी कारखाने एवं गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और गोदाम में रखी केबल वायर सहित अन्य विद्युत सामग्री को अपनी चपेट में ले लिया। आग की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि बुधनी नगर परिषद की दमकल के साथ वर्द्धमान फैब्रिक्स और ट्राइडेंट कंपनी की फायर ब्रिगेड भी आग बुझाने में जुटी रहीं, लेकिन आग पर काबू नहीं पाया जा सका। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए नर्मदापुरम से भी दमकल वाहन बुलाया गया। खबर लिखे जाने तक आधा दर्जन दमकलों की मदद से आग बुझाने के प्रयास जारी थे।

जानकारी के अनुसार ग्राम बगवाड़ा स्थित इस कारखाने के संचालक हरियाणा निवासी दीपक शर्मा हैं। यहां केबल वायर सहित अन्य विद्युत सामग्री का कारोबार किया जाता है। कारखाने में बड़ी मात्रा में विद्युत सामग्री का भंडारण होने के कारण आग तेजी से फैलती चली गई। आग की ऊंची लपटों और धुएं के गुबार से आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक आगजनी में लाखों रुपये की सामग्री जलकर नष्ट होने की आशंका है। हालांकि वास्तविक नुकसान का आकलन आग पूरी तरह बुझने और जांच के बाद ही हो सकेगा।

शॉर्ट सर्किट की आशंका, कारणों की जांच जारी

कारखाने में आग लगने के वास्तविक कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है, हालांकि आग लगने की वजह की पुष्टि जांच के बाद ही हो पाएगी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल की टीमें मौके पर पहुंच गईं। थाना प्रभारी सुनील ठाकुर ने बताया कि आग लगने की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड को मौके पर रवाना किया गया। आग की गंभीरता को देखते हुए नर्मदापुरम से भी दमकल बुलाई गई है। फिलहाल आग बुझाने के प्रयास जारी हैं और आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here