drnewsindia.com
दिल्ली। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) की ओर से 1 सितंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में राष्ट्रव्यापी रैली आयोजित की गई। रैली में कश्मीर से कन्याकुमारी तक देश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे कार्यकर्ताओं ने उत्साह के साथ भाग लिया। मध्यप्रदेश से भी सैकड़ों कार्यकर्ता इसमें शामिल हुए।
किसानों के मुद्दों पर उठाई आवाज
रैली में किसानों की बढ़ती आत्महत्याओं को रोकने के लिए सभी कृषि उपज की न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर खरीद की कानूनी गारंटी देने की मांग की गई। किसानों को पर्याप्त खाद उपलब्ध कराने के साथ बिजली और पानी की समुचित व्यवस्था करने की मांग भी उठाई गई। भूमि अधिग्रहण कानून-2013 के तहत चार गुना मुआवजा देने की मांग रखी गई।
शिक्षा, रोजगार और श्रमिकों के मुद्दे प्रमुख
भाकपा कार्यकर्ताओं ने सरकारी स्कूलों को बंद नहीं करने, शिक्षा के अधिकार को मौलिक अधिकार में शामिल करने तथा सभी के लिए शिक्षा और रोजगार की गारंटी की मांग की। श्रम संहिताओं को रद्द करने और अमेरिका के साथ ट्रेड डील को रद्द करने की मांग भी रैली में उठाई गई।
मध्यप्रदेश से सैकड़ों कार्यकर्ता हुए शामिल
रैली में भाकपा के राज्य सचिव शैलेन्द्र शैली, किसान सभा के कार्यकारी अध्यक्ष प्रहलाद दास बैरागी, एटक के एसएस मोर्या सहित इंदौर से रूदरपाल यादव, सिंगरौली से अरविंद व राम रसीले, ग्वालियर से अशोक पाठक, अनूपपुर से सुरेश राठौर, समय शाह, बड़वानी से सुखलाल गोरे और सागर से राहुल भाईजी समेत कई कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।




