देवास/सीहोर। नीट-यूजी, सीबीएसई परीक्षा में कथित गड़बड़ियों, पेपर लीक और बढ़ती बेरोजगारी के विरोध में मध्यप्रदेश कांग्रेस की साइक्लोथॉन सोमवार को इंदौर से शुरू होकर देवास पहुंच गई। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ अभियान के तहत करीब 200 किलोमीटर की साइकिल यात्रा कर भोपाल पहुंचेंगे।
यात्रा सोमवार सुबह इंदौर के आरएनटी मार्ग से शुरू हुई। रास्ते में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने फूल-मालाओं से जीतू पटवारी का स्वागत किया। यात्रा में बड़ी संख्या में छात्र, युवा और कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए।
हर जिले से जुड़ेंगे 500 साइकिल यात्री
कांग्रेस के अनुसार, इंदौर से भोपाल के बीच पड़ने वाले इंदौर, देवास, सीहोर और भोपाल जिलों से करीब 500-500 साइकिल यात्री इस अभियान में शामिल होंगे। भोपाल पहुंचने तक यात्रा में दो हजार से अधिक लोगों के शामिल होने का दावा किया गया है।
आष्टा में होगा रात्रि विश्राम
साइक्लोथॉन का पहला दिन सीहोर जिले के आष्टा स्थित गोकुलधाम मैरिज गार्डन में रात्रि विश्राम के साथ समाप्त होगा। इसके बाद 15 जुलाई को यात्रा कोठरी से दोबारा शुरू होकर भोपाल के लिए रवाना होगी।
जीतू पटवारी बोले- केजी से पीजी तक मिले मुफ्त शिक्षा
यात्रा के दौरान जीतू पटवारी ने कहा कि प्रदेश और देश में शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने की जरूरत है। उन्होंने केजी से पीजी तक सभी के लिए अनिवार्य और नि:शुल्क शिक्षा लागू करने की वकालत की। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ अभियान का उद्देश्य छात्रों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दिलाना, परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता लाना तथा पेपर लीक जैसी घटनाओं पर रोक लगाने की मांग को मजबूत करना है।
उन्होंने कहा कि नीट जैसी परीक्षाओं में सामने आ रही अनियमितताएं पूरे देश का मुद्दा हैं और इसी संदेश को युवाओं एवं अभिभावकों तक पहुंचाने के लिए यह साइक्लोथॉन निकाली जा रही है।




