मेंटेनेंस कटौती से परेशान छात्र-ग्रामीणों का बिजली दफ्तर घेराव, 8-10 घंटे बिजली गुल होने पर प्रदर्शन

0
4

अशोकनगर। जिले के अथाईखेड़ा में मेंटेनेंस के नाम पर हो रही लंबी बिजली कटौती से नाराज स्कूली विद्यार्थियों और ग्रामीणों ने सोमवार को विद्युत कार्यालय का घेराव कर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारी कुछ देर के लिए अशोकनगर-विदिशा मार्ग पर भी बैठ गए, जिससे यातायात प्रभावित हुआ।

स्कूल ड्रेस में पहुंचे छात्र

बिजली कटौती से परेशान स्कूली छात्र अपनी स्कूल ड्रेस में ही सीधे विद्युत कार्यालय पहुंचे। विद्यार्थियों और ग्रामीणों का प्रदर्शन करीब आधे घंटे तक चला। प्रदर्शनकारियों ने बिजली विभाग के कर्मचारियों को ज्ञापन सौंपकर समस्या के समाधान की मांग की।

8 से 10 घंटे बिजली कटौती का आरोप

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि अथाईखेड़ा और आसपास के गांवों में मेंटेनेंस के नाम पर रोजाना 8 से 10 घंटे बिजली आपूर्ति बाधित की जा रही है। इससे विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। साथ ही बारिश के मौसम में मच्छरों का प्रकोप बढ़ने, बीमारियों के खतरे और गर्मी से हो रही परेशानी का भी उल्लेख किया गया।

आश्वासन के बाद खत्म हुआ प्रदर्शन

प्रदर्शनकारी करीब पांच मिनट तक अशोकनगर-विदिशा मार्ग पर बैठे रहे। बाद में बिजली विभाग के कर्मचारियों ने अधिकारियों से चर्चा कर समस्या के समाधान का आश्वासन दिया, जिसके बाद प्रदर्शन समाप्त कर दिया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here