drnewsindia.com
मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता आमिर खान ने लंबे समय से चली आ रही उस धारणा को खारिज कर दिया है कि फिल्म ‘3 इडियट्स’ का किरदार फुंसुख वांगडू (रैंचो) शिक्षा सुधारक और नवाचार विशेषज्ञ सोनम वांगचुक पर आधारित था। आमिर ने स्पष्ट कहा कि फिल्म की कहानी लिखे जाने के समय न तो उन्हें और न ही फिल्म के लेखकों को सोनम वांगचुक के बारे में जानकारी थी।
लंदन इंडियन फिल्म फेस्टिवल (LIFF) में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान आमिर खान ने कहा, “यह एक गलतफहमी है कि ‘3 इडियट्स’ सोनम वांगचुक के जीवन पर आधारित थी। यह सच नहीं है। जब फिल्म लिखी जा रही थी, तब हम उन्हें जानते भी नहीं थे।”
ओमी वैद्य के दावे को बताया गलत
आमिर खान ने अपने सह-कलाकार ओमी वैद्य (चतुर रामालिंगम) के हालिया वायरल वीडियो का भी जिक्र किया। ओमी ने वीडियो में दावा किया था कि फिल्म का किरदार फुंसुख वांगडू सोनम वांगचुक से प्रेरित था। इस पर आमिर ने कहा, “चतुर (ओमी वैद्य) ने वीडियो में जो कहा, वह गलत है।”

सोनम वांगचुक के समर्थन में बोले आमिर
हालांकि आमिर खान ने यह भी कहा कि सोनम वांगचुक का काम बेहद महत्वपूर्ण और सराहनीय है। उन्होंने कहा कि वांगचुक को सम्मान देने के लिए उन्हें किसी फिल्मी किरदार से जोड़ने की जरूरत नहीं है।
आमिर ने कहा कि सोनम वांगचुक इस समय अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर हैं और उनकी सेहत लगातार बिगड़ रही है। उन्होंने अपील की कि वांगचुक अपने स्वास्थ्य को प्राथमिकता दें और अपना अनशन समाप्त करने पर विचार करें।
दो सप्ताह से अधिक समय से भूख हड़ताल पर हैं वांगचुक
सोनम वांगचुक दिल्ली के जंतर-मंतर पर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे हैं। यह आंदोलन NEET परीक्षा पेपर लीक मामले के बाद शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार और जवाबदेही की मांग को लेकर शुरू किया गया है। बताया जा रहा है कि अनशन के दौरान उनका वजन 8 से 9 किलोग्राम तक घट गया है और उनका ब्लड प्रेशर व ब्लड शुगर भी चिंताजनक स्तर तक पहुंच गया है।





