drnewsindia.com
रेहटी : सीहोर पुलिस द्वारा गुमशुदा नाबालिग बच्चों की तलाश के लिए चलाए जा रहे ‘मुस्कान अभियान’ के तहत रेहटी पुलिस ने एक महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुए 16 वर्षीय नाबालिग बालिका को दस्तयाब (बरामद) कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
क्या था मामला?
जानकारी के अनुसार, दिनांक 19 अप्रैल 2026 की रात करीब 10:00 बजे एक 16 वर्षीय नाबालिग बालिका अचानक लापता हो गई थी। परिजनों की शिकायत पर थाना रेहटी में अज्ञात व्यक्ति के विरुद्ध धारा 137(2) बीएनएस के तहत अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
पुलिस की प्रभावी कार्यवाही
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक श्री दीपक कुमार शुक्ला, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती सुनीता रावत और एसडीओपी बुदनी श्री रवि शर्मा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी रेहटी निरीक्षक राजेश कहारे के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई।
टीम प्रभारी उनि महेश सिंह धुर्वे ने मुखबिर तंत्र और तकनीकी साक्ष्य (साइबर सेल) की मदद से आरोपी की लोकेशन का पता लगाया। पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी विक्की विश्वकर्मा के कब्जे से बालिका को सुरक्षित बरामद किया।
आरोपी गिरफ्तार, भेजा गया जेल
पुलिस ने आरोपी विक्की विश्वकर्मा (24 वर्ष), निवासी हबीबनगर (लोदावड), थाना भैरूंदा को गिरफ्तार कर लिया है। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उसे जेल भेज दिया गया है। बरामद बालिका को सुरक्षित उसके परिवारजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।
पुलिस टीम का सराहनीय योगदान: इस पूरी कार्यवाही में निरीक्षक राजेश कहारे, उनि महेश सिंह धुर्वे, प्रधान आरक्षक जयनारायण, आरक्षक अभिषेक यादव, राम शर्मा, महिला आरक्षक निकिता और साइबर सेल सीहोर की विशेष भूमिका रही।
क्षेत्र की विश्वसनीय खबरों के लिए हमारी वेबसाइट के साथ बने रहें।




