
दोराहा | सीहोर जिले के दोराहा क्षेत्र के छतरी गांव स्थित शिव मंदिर परिसर में श्रावण मास और गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर वरिष्ठ भाजपा नेता एवं कालापीपल के पूर्व विधायक के पुत्र अशीष मेवाड़ा के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी समर्थकों और ग्रामीणों ने पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि और ग्रामीण शामिल हुए। सभी ने मंदिर परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे तथा उनके संरक्षण का भी संकल्प लिया। इस अवसर पर वरिष्ठ भाजपा नेता भवानी मेवाड़ा, सरपंच जगन्नाथ शाक्य सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
वृक्षारोपण के बाद उपस्थित लोगों ने अशीष मेवाड़ा को जन्मदिवस की शुभकामनाएं दीं और फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण, अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का संदेश भी दिया गया।
आयोजकों ने कहा कि वृक्षारोपण केवल एक औपचारिकता नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और हरित वातावरण सुनिश्चित करने का संकल्प है। श्रावण मास और गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर आयोजित यह कार्यक्रम सामाजिक सरोकार, प्रकृति संरक्षण और जनभागीदारी का प्रेरणादायक उदाहरण बना।




