देवनारायण जन्मोत्सव पर निकली भव्य ध्वज यात्रा, जगह-जगह हुआ स्वागत
अहमदपुर। भगवान देवनारायण के जन्मोत्सव के अवसर पर रविवार को अहमदपुर में श्रद्धा और उत्साह का माहौल रहा। देवनारायण जन्मोत्सव समिति अहमदपुर के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम के दौरान भव्य ध्वज यात्रा और झांकी निकाली गई। यात्रा में अहमदपुर सहित आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में गुर्जर समाज के लोग शामिल हुए। जगह-जगह ग्रामीणों और श्रद्धालुओं ने यात्रा का स्वागत किया।
भीला खेड़ी से शुरू हुई ध्वज यात्रा
जन्मोत्सव कार्यक्रम की शुरुआत भीला खेड़ी स्थित भगवान देवनारायण देवस्थान से हुई। यहां भगवान देवनारायण के ध्वज की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद भव्य झांकी और ध्वज यात्रा रवाना हुई। यात्रा भीला खेड़ी से निकलकर अहमदपुर के प्रमुख मार्गों से होते हुए मेन मार्केट, अस्पताल चौराहा और चरनाल जोड़ पहुंची। इसके बाद यात्रा मंडी परिसर पहुंची, जहां इसका समापन किया गया।
यात्रा के दौरान मार्ग में जगह-जगह ग्रामीणों और श्रद्धालुओं ने पान-प्रसादी चढ़ाकर भगवान देवनारायण का पूजन किया और यात्रा का स्वागत किया। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं की मौजूदगी से माहौल भक्तिमय बना रहा।
ढोल-डीजे की धुन पर थिरके युवा, अखाड़ों ने दिखाए करतब
चल समारोह में युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। ढोल-डीजे और भगवान देवनारायण के भजनों की धुन पर युवा उत्साह के साथ शामिल हुए। आसपास के गांवों से पहुंचे अखाड़ों के कलाकारों ने विभिन्न करतब प्रस्तुत कर लोगों का ध्यान आकर्षित किया।
यात्रा के दौरान भगवान देवनारायण के जयकारों से पूरा क्षेत्र गूंजता रहा। श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह के साथ चल समारोह में भाग लिया।
मंडी परिसर में महाआरती के बाद प्रसादी वितरण
ध्वज यात्रा के मंडी परिसर पहुंचने के बाद मुख्य आयोजन किया गया। पूर्व जिला पंचायत सदस्य आजाद सिंह ने बताया कि प्रतिवर्ष की परंपरा के अनुसार इस वर्ष भी जन्मोत्सव समारोह में आसपास के जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों और समाज के पदाधिकारियों का आयोजन समिति की ओर से स्वागत किया गया।
कार्यक्रम के अंत में भगवान देवनारायण की महाआरती की गई। इसके बाद श्रद्धालुओं को प्रसादी का वितरण किया गया। जन्मोत्सव कार्यक्रम में समाज के लोगों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर भगवान देवनारायण के प्रति अपनी आस्था प्रकट की।




